CricketIndiaTrending

6,6,6,6,6,6,6,6,6… आंद्रे रसेल ने बल्ले से उगली आग! CPL में किया ऐसा कारनामा, जो आज तक कोई नहीं कर पाया

6,6,6,6,6,6,6,6,6… आंद्रे रसेल ने बल्ले से उगली आग! CPL में किया ऐसा कारनामा, जो आज तक कोई नहीं कर पाया

Andre Russell: वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने एक बार फिर अपने बल्ले से तबाही मचाई है. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 में जमैका किंग्समेन की ओर से खेलते हुए रसेल ने बारबाडोस ट्राइडेंट्स के खिलाफ मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों पर 68 रनों की विस्फोटक पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ 9 छक्के भी लगाए. हालांकि, उनकी यह पारी किंग्समेन को जीत नहीं दिला सकी, लेकिन रसेल ने इस पारी दम पर CPL में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

आंद्रे रसेल ने बल्ले से मचाया कोहराम

CPL 2026 में बुधवार को खेले गए मुकाबले में बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 206 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका किंग्समेन की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और टीम ने सिर्फ 60 रन पर 5 विकेट गंवा दिए. वहीं, 7वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे आंद्रे रसेल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की जमकर कुटाई की और महज 38 गेंदों में 68 रन ठोक दिए.

38 साल के रसेल ने अपनी इस पारी के दौरान 9 गगनचुंबी छक्के जड़े और उनका स्ट्राइक रेट 178.95 का रहा. हालांकि, उनकी तूफानी पारी के बावजूद जमैका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन ही बना सकी और 5 रन से मुकाबला हार गई. हालांकि, इस पारी के दम पर रसेल ने CPL में इतिहास रचने का कारनामा किया है.

रसेल ने CPL में रचा इतिहास

इस पारी के साथ रसेल ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में अपने 2000 रन पूरे किए. इसी के साथ वह CPL इतिहास में 2000 से ज्यादा रन और 100 से अधिक विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने लीग में अब तक कुल 118 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया है. गेंदबाजी में उन्होंने 26.15 की औसत और 8.94 के इकॉनमी रेट से कुल 102 विकेट अपने नाम किए हैं.

इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 23 रन देकर 4 विकेट है. वहीं, बल्लेबाजी में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 27.89 की औसत और 169.66 की स्ट्राइक रेट से 2036 रन बनाए हैं. रसेल CPL में जमैका किंग्समेन समेत कुल तीन टीमों का हिस्सा रह चुके हैं.

IPL में भी कर चुके हैं ऐसा कारनामा

इससे पहले आंद्रे रसेल ने IPL में भी 2000 से ज्यादा रन और 100 से अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है. उन्होंने नवंबर 2025 में IPL से संन्यास का ऐलान किया था. रसेल ने अपने IPL करियर में कुल 140 मैचों खेले, जिसमें उन्होंने 175 की स्ट्राइक रेट से 2651 रन बनाए. वहीं, IPL में उनके नाम 123 विकेट भी दर्ज हैं, जिसमें एक बार 5 विकेट लेने का प्रदर्शन भी शामिल है. रसेल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेल चुके हैं और वह KKR की दो खिताबी जीत का हिस्सा भी रहे हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply