Trending

जिम्बाब्वे की करिबा झील में बड़ा हादसा, नौका पलटने से 15 की मौत; 27 लोग अब भी लापता

जिम्बाब्वे की करिबा झील में बड़ा हादसा, नौका पलटने से 15 की मौत; 27 लोग अब भी लापता

हरारे। जिम्बाब्वे की करिबा झील में एक नौका के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार दुर्घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 27 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, नौका पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है।

77 लोगों को बचाकर द्वीप तक पहुंचाया गया

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार 77 लोगों को बचाकर झील के एक छोटे द्वीप पर पहुंचाया गया है। उन्हें वहां से सुरक्षित वापस लाने के लिए बचाव नौकाएं भेजी जा रही हैं।

जिम्बाब्वे के सरकारी प्रसारक जेडबीसी की ओर से जारी वीडियो में तेज रफ्तार नौकाएं हादसे वाली जगह पर पलटी नौका की ओर जाती दिखाई दे रही हैं। घटनास्थल के ऊपर एक हेलीकॉप्टर भी उड़ता नजर आया।

टिकट रिकॉर्ड से सामने आई यात्रियों की संख्या

जिम्बाब्वे की नागरिक सुरक्षा इकाई के अनुसार टिकट बिक्री के आंकड़ों में नौका पर 114 वयस्क यात्रियों और पांच चालक दल के सदस्यों के सवार होने की जानकारी मिली है।

अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि नौका में ऐसे बच्चे भी सवार हो सकते हैं, जिनके लिए टिकट जरूरी नहीं होता। ऐसे में हादसे के समय नौका पर मौजूद लोगों की वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है।

90 लोगों की क्षमता वाली नौका में क्षमता से ज्यादा लोग

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक नौका में अधिकतम 90 लोगों को ले जाने की क्षमता थी, लेकिन उपलब्ध जानकारी से पता चलता है कि उस पर इससे कहीं अधिक लोग सवार थे।

हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। एजेंसी ने दुर्घटना को आधिकारिक तौर पर आपदा घोषित करने की सिफारिश भी की है।

झील साझा करते हैं जिम्बाब्वे और जाम्बिया

करिबा झील जिम्बाब्वे और जाम्बिया दोनों देशों में फैली हुई है। दोनों देशों के बीच आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा झील के मध्य से होकर गुजरती है।

फिलहाल बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply