आईपीएल 2026 के सीजन में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने के बाद उनका टीम इंडिया में सिलेक्शन तय माना जा रहा था। बीसीसीआई की तरफ से आयरलैंड और इंग्लैंड के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए छह जून को स्क्वाड का ऐलान किया गया तो उसमें वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल था। अब उनका चयन होने के बाद जहां सभी की नजरें इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर लगी हुई हैं तो वहीं उन्हें पहली बार शामिल किए जाने पर बधाई भी मिल रही है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी रिएक्शन सामने आया है जिसमें उन्होंने वैभव को बधाई देने के साथ उनकी आगामी जर्नी को लेकर अपने उत्साह को भी व्यक्त किया है।

आपने यह मौका कमाया है
वैभव सूर्यवंशी अभी भारतीयए टीम के साथ श्रीलंका में 9 जून से होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में हिस्सा लेने के लिए गए हुए हैं, जिसमें वहां पर उनके प्रदर्शन को लेकर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं। वहीं सूर्यकुमार यादव ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करते हुए उनको बधाई देने के साथ लिखा कि आपने यह मौका कमाया है और क्या शानदार तरीके से और मैं आपके आगामी सफर के लिए काफी एक्साइटेड हूं। बता दें कि वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से आईपीएल 2026 में जहां कुल 776 रन देखने को मिले थे तो वहीं उन्होंने 72 छक्के भी लगाए थे। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में ऑरेंज कैप सहित कुल 5 अवॉर्ड अपने नाम किए थे।
टीम में चयन के साथ वैभव ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
भारतीय टीम में चयन होने के साथ वैभव सूर्यवंशी ने सर्वकालिक महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वैभव अब सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, तो वहीं सचिन को जब साल 1989 में पाकिस्तान के दौरे के लिए पहली बार टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह मिली थी तो उस समय उनकी उम्र 16 साल थी। अब वैभव के पास सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका भी है जिसमें वह सचिन तेंदुलकर के ही 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल 207 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था।



