Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां आधारताल थाना क्षेत्र के न्यू कंचनपुर में रहने वाली नेहा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के महज एक दिन बाद उसके पति मयंक सिंह चौहान का शव रांझी थाना क्षेत्र स्थित शोभापुर के पुराने वीएफजे क्वार्टर के खंडहर में फांसी के फंदे पर लटका मिला. इस दोहरी मौत के मामले में अब सबसे अहम कड़ी मृतक दंपति का 8 वर्षीय मासूम बेटा और मयंक द्वारा छोड़ा गया सुसाइड नोट बन गया है.

इस खौफनाक मामले की शुरुआत तब हुई जब न्यू कंचनपुर स्थित एक किराए के मकान से तेज दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी. आधारताल पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर नेहा सिंह का शव जमीन पर पड़ा मिला. प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी. वहीं नेहा का पति मयंक सिंह मौके से गायब था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मयंक अपनी मोपेड छोड़कर फरार हो गया था. बाद में उसकी मोपेड से एक रस्सी, सुसाइड नोट और पत्नी के खिलाफ लिखा गया एक आवेदन बरामद हुआ. इसके अगले ही दिन रांझी थाना क्षेत्र के शोभापुर स्थित पुराने खंडहरनुमा वीएफजे क्वार्टर में मयंक का शव फंदे पर लटका मिला.
8 साल के मासूम बेटे ने बयां की खौफनाक दास्तान
पुलिस जांच में सबसे चौंकाने वाली जानकारी मृतक दंपति के 8 वर्षीय बेटे ने प्रत्यक्षदर्शी के रूप में दी है. बच्चे ने बताया कि 3 जून की रात उसके मातापिता के बीच भारी विवाद हुआ था. उसके अनुसार, विवाद के दौरान मयंक ने चाकू उठा लिया था, जिस पर नेहा ने उससे कहा कि वह खुद ही अपनी जान दे देगी. बच्चे के मुताबिक, इसके बाद मयंक ने कमरे में फंदा तैयार किया. जब नेहा फंदा गले में डालकर टेबल पर खड़ी थी, तभी मयंक ने पैर से टेबल को धक्का दे दिया. कुछ देर बाद उसने रस्सी काटकर नेहा को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. हालांकि पुलिस बच्चे के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है.
सुसाइड नोट में कत्ल की बात कुबूल, साली पर प्रताड़ना का आरोप
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मयंक ने लिखा है कि उसने ही अपनी पत्नी नेहा की हत्या की है और इसके लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए. नोट में उसने यह भी लिखा कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था. उसने अपनी साली और मौसी सास पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. सुसाइड नोट में मयंक ने यह इच्छा भी जताई कि उसकी बीमा राशि उसके बेटे को मिले और बच्चे की देखभाल उसके पिता करें. पुलिस को मिले आवेदन में भी मयंक ने पत्नी द्वारा मानसिक, शारीरिक और आर्थिक प्रताड़ना किए जाने का उल्लेख किया था. यह आवेदन वह पुलिस को देने वाला था लेकिन उससे पहले ही यह पूरा घटनाक्रम घटित हो गया.
स्पा सेंटर में काम करने को लेकर था विवाद, दोनों की थी दूसरी शादी
जांच में यह भी सामने आया है कि नेहा और मयंक दोनों की यह दूसरी शादी थी. नेहा के पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी और उसके पहले विवाह से एक बेटा है. करीब दो वर्ष पहले एक शादी समारोह में नेहा और मयंक की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों ने विवाह कर लिया था. पुलिस के अनुसार, जनवरी 2025 में विजय नगर स्थित एक स्पा सेंटर पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के दौरान नेहा वहां मिली थी. इसके बाद पतिपत्नी के बीच विवाद काफी बढ़ने लगे. मयंक नहीं चाहता था कि नेहा स्पा सेंटर में काम करे, जबकि नेहा आर्थिक कारणों से काम जारी रखना चाहती थी. बाद में वह इंदौर में भी काम करने लगी थी, जिससे दोनों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था.
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलहानी ने बताया कि मयंक का शव फंदे पर लटका मिला है और उसके पास से सुसाइड नोट तथा आवेदन बरामद हुआ है. आधारताल और रांझी पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. फिलहाल इस दोहरी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.



