भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में दो दिन का खेल खत्म हो चुका है। मुकाबले के दूसरे दिन अफगानिस्तान के 32 साल के बल्लेबाज रहमत शाह ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बने हैं। दिन का खेल खत्म होने तक रहमत शाह नाबाद रहे और वह अभी भी 43 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

रहमत शाह ने डटकर किया भारतीय गेंदबाजों का सामना
इस मैच में अफगानिस्तान की तरफ से सिर्फ रहमत शाह ही भारतीय बॉलिंग अटैक का डटकर सामना करने में कामयाब हो पाए हैं। जैसे ही उन्होंने इस मैच में 30 रन बनाए, टेस्ट क्रिकेट में उनके 1000 रन पूरे हो गए। अफगानिस्तान को टेस्ट टीम का दर्जा मिले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, इसलिए इस फॉर्मेट में 1000 रन बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। अफगानिस्तान के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां रहमत के बाद दूसरे बल्लेबाज हश्मतुल्लाह शाहिदी हैं।
अफगानी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कौन हैं?
अफगानिस्तान के मौजूदा टेस्ट कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने अभी तक तक टेस्ट क्रिकेट में 12 मैचों में 791 रन बनाए हैं। इसके बाद लिस्ट में तीसरे नंबर पर इब्राहिम जादरान हैं, उन्होंने टेस्ट करियर में अभी तक सिर्फ 8 मुकाबले खेले हैं और वहां 16 पारियों में उनके बल्ले से 602 रन आए हैं। इसके बाद चौथे नंबर पर पूर्व अफगानी कप्तान असगर अफगान का नाम है, वह 6 मैचों की 10 पारियों में 440 रन बनाने में कामयाब रहे थे। अफसर जजई ने अभी तक 10 मैचों में 370 रन बनाए हैं। वह इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।
अफगानिस्तान के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- रहमत शाह 1013* रन
- हश्मतुल्लाह शाहिदी 791 रन
- इब्राहिम जादरान 602 रन
- असगर अफगान 440 रन
- अफसर जजई 370 रन
मुल्लांपुर टेस्ट में टीम इंडिया मजबूत स्थिति में
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच की बात करें तो वहां टीम इंडिया ने पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की थी। जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानी टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 113 रन बना लिए हैं, हालांकि वो अभी भी टीम इंडिया से 451 रन पीछे हैं। इस मैच में फिलहाल तीन दिन का खेल बाकी है और फिलहाल टीम इंडिया काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।


