
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरकारी सिस्टम की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक जीवित महिला को रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया. इसके चलते महिला को महतारी वंदन योजना की राशि मिलनी बंद हो गई. परेशान महिला भूरी बाई यादव अपने बेटे के साथ कलेक्टर जनदर्शन पहुंची और खुद को जीवित बताते हुए योजना का लाभ दोबारा शुरू करने की गुहार लगाई. मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. जांच में पता चला कि गांव की एक दूसरी महिला की मृत्यु के बाद नामों में समानता होने के कारण तकनीकी और मानवीय गलती से भूरी बाई का नाम लाभार्थी सूची से हटा दिया गया था. कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं.
जनदर्शन में पहुंची भूरी बाई की फरियाद
ग्राम गीतपुरी निवासी भूरी बाई यादव मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं. उन्होंने प्रशासन को बताया कि उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखा दिया गया है, जिसके कारण महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि बंद हो गई. भूरी बाई ने कहा कि पिछले कुछ समय से उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा था, जिसके बाद उन्होंने जानकारी जुटाई तो पूरा मामला सामने आया.
“जिंदा हूं फिर भी रिकॉर्ड में मृत”
भूरी बाई का कहना है कि वे खुद सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाकर अधिकारियों को यह समझाने के लिए मजबूर हैं कि वे जीवित हैं. उनके साथ उनका बेटा भी प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगाता रहा. परिवार का कहना है कि योजना बंद होने से आर्थिक परेशानी बढ़ गई है.
क्यों हुई गलती?
जांच में सामने आया कि गांव में समान नाम वाली दूसरी महिला की मृत्यु हो गई थी. रिकॉर्ड अपडेट करते समय तकनीकी और मानवीय त्रुटि के कारण भूरी बाई यादव का नाम ही लाभार्थी सूची से हटा दिया गया. इस गलती की वजह से उन्हें मृत मानकर महतारी वंदन योजना की राशि रोक दी गई.
कलेक्टर ने लिया तुरंत संज्ञान
मामला जनदर्शन में पहुंचते ही कलेक्टर कुंदन कुमार ने तत्काल अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए. जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित परियोजना अधिकारी (CDPO) और जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिलना चाहिए और ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जल्द बहाल होगी योजना की राशि
अपर कलेक्टर जी.एल. यादव ने बताया कि मामले के सुधार के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. शासन स्तर पर जरूरी पत्राचार किया गया है और प्रक्रिया पूरी होते ही भूरी बाई को दोबारा महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने लगेगा.



