
बिहार के समस्तीपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां उजियारपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में एक महिला के साथ बर्बरता की खबर है. महिला को अंधविश्वास के नाम पर डायन बताकर बंदी बनाया गया. इसके बाद उसे ग्रिल से बांधकर पीटा गया. इसकी वीडियो भी वायरल हुई थी, जिसके बाद मामला संज्ञान में आया. पुलिस ने गांव के ही 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. वहीं पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
घर में काम कर रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को सुबह एक महिला गीता देवी अपने घर में घरेलू काम कर रही थी. इसी बीच गांव के कुछ लोग उसके घर पहुंच गए और उस पर आरोप लगाने लगे कि वो डायन है. महिला ने जब इस बात का विरोध किया, तो आरोपी उसे कमरे से बाहर रेलिंग के पास ले गए और उन्होंने महिला को रेलिंग में बांध दिया और उसके साथ मारपीट की.
जबरन घर में ले जाकर की मारपीट
इसके बाद लोग उसे जबरन खींचकर एक घर में ले गए. इसके बाद उसे ग्रिल से बांधा और बेरहमी से उसकी पिटाई की. मारपीट के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई. आसपास के लोगों ने महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया.
महिला ने लगाए लोगों पर आरोप
पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. महिला ने बताया कि उसकी चार बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है. इसके कारण गांव के कुछ लोग उसे अंधविश्वास के कारण डायन कहकर परेशान करते हैं और अक्सर उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे.
परिवारवालों ने लगाई न्याय की गुहार
महिला का कहना है कि घटना के बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई लेकिन पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई नहीं की. महिला ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया. वहीं महिला के परिवारवालों ने न्याय की गुहार लगाई है. महिला के पति संजय सहनी मजदूरी का काम करते हैं. उन्होंने बताया कि जब ये घटना हुई, तब वे घर पर नहीं थे. केवल अंधविश्वास के कारण उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया गया. उन्होंने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है.



