
रुदावल (भरतपुर)।रुदावल थाना इलाके के गांव सिंघाड़ा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात प्रेम प्रसंग के चलते एक 19 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में गया था, जहां युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और इस खूनी वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के बाद से ही पूरे गांव में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिंघाड़ा निवासी सौरभ जाटव (19) पुत्र भीम सिंह जाटव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ का गांव में ही आई एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती का सिंघाड़ा गांव में ननिहाल है।
बुधवार देर रात सौरभ अपने घर से करीब 200 मीटर दूरी पर स्थित एक खेत में युवती से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों और कुछ ग्रामीणों को भनक लग गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों को साथ देख लिया, जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और अधमरा होने तक उसे बेरहमी से पीटते रहे।
वारदात की सूचना मिलते ही युवक के परिजन और रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों ने गंभीर रूप से लहूलुहान और अचेत अवस्था में सौरभ को तुरंत रुदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी; अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही युवक को मृत घोषित कर दिया।
हृदयविदारक हत्याकांड के बाद से सिंघाड़ा गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी तुरंत एक्टिव हुए। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) हरिराम कुमावत, पुलिस उपअधीक्षक (DSP) बयाना रवींद्र कुमार और रुदावल थाना अधिकारी (SHO) नरेश शर्मा भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जिसका पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।



