CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

राजगढ़ में खंभे से बंधी महिला पत्थर से ताला तोड़कर भागी, हैवान पति ने गर्म सरिए से दागा था…

राजगढ़ में खंभे से बंधी महिला पत्थर से ताला तोड़कर भागी, हैवान पति ने गर्म सरिए से दागा था…

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र स्थित छीपीपुरा गांव से क्रूरता और हैवानियत की एक ऐसी रूह कंपा देने वाली दास्तां सामने आई है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। यहां एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से पीटने के बाद उसके गले में लोहे की मोटी जंजीर बांधी और घर के खंभे से ताला लगाकर कैद कर दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, हैवान ने तड़पाने के लिए महिला को गर्म सरिए से भी दागा। लेकिन, पीड़ित महिला ने हिम्मत नहीं हारी। जब पति पंचायत बुलाने बाहर गया, तो महिला ने भारी पत्थर से जंजीर का ताला तोड़ दिया और गले में जंजीर लटकाए ही 6 किलोमीटर पैदल भागकर थाने पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मामूली विवाद में डंडे से की बेरहम पिटाई, रातभर कच्चे रास्तों से भागती रही पत्नी

रोंगटे खड़े कर देने वाली यह वारदात छीपीपुरा गांव की है। पीड़ित 30 वर्षीय मांगीबाई तंवर ने पुलिस को बताया कि बीती 10 जून की शाम को उनका पति सरदार सिंह तंवर शराब के नशे में धुत्त होकर घर आया था। खाना खाने के बाद वह बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगा। जब मांगीबाई ने विरोध किया, तो आरोपी पेड़ की एक मोटी शाखा काटकर लाया और डंडे व लात-थप्पड़ों से उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। रोज-रोज के इस टॉर्चर से तंग आकर मांगीबाई ने रात में ही पुलिस के पास जाने का फैसला किया। वह पूरी रात जंगल, खेतों और कच्चे रास्तों के सहारे गुरुवार सुबह खिलचीपुर थाने के पास पहुंच गईं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

थाने पहुंचने से पहले ही बीच सड़क से घसीट ले गया हैवान पति

मांगीबाई खिलचीपुर कस्बे के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से पीछा करते हुए आ रहे पति सरदार सिंह ने उन्हें देख लिया। आरोपी ने बीच सड़क पर फिर से उनके साथ मारपीट की। वहां मौजूद बालू तंवर नामक एक शख्स ने महिला को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सनकी पति सरदार सिंह अपनी पत्नी को सरेआम घसीटते हुए जबरन वापस गांव ले आया। घर पहुंचते ही उसने मांगीबाई से कहा, “अब देखता हूं तू मेरी रिपोर्ट करने थाने कैसे जाती है।”

गले में जंजीर डाल खंभे से बांधा, फिर लाल सरिए से कमर और जांघ दागी

घर वापस लाकर आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने मांगीबाई के गले में लोहे की मोटी जंजीर डाली और उसका दूसरा सिरा घर के एक खंभे से बांधकर भारी ताला लटका दिया। इसके बाद हैवान ने रसोई गैस के चूल्हे पर लोहे का एक सरिया बिल्कुल लाल होने तक गर्म किया। मांगीबाई दर्द से चीखती-चिल्लाती रहीं, रहम की भीख मांगती रहीं, लेकिन जल्लाद पति ने उस तपते हुए सरिए से उनकी कमर, कूल्हे और दाईं जांघ को कई जगह बुरी तरह दाग दिया।

24 घंटे तक रखा भूखा-प्यासा, पंचायत की साजिश रचने निकला था आरोपी

पीड़ित महिला को करीब 24 घंटे तक बिना अन्न और जल के उसी खंभे से जकड़कर रखा गया। आरोपी पति लगातार गांव में एक पंचायत बुलाने का दबाव बना रहा था, ताकि मांगीबाई को डरा-धमकाकर पंचायत के सामने यह लिखवाया जा सके कि वह पुलिस में कोई शिकायत नहीं करेगी। अपनी जान बचाने के लिए मांगीबाई ने भी डर के मारे पति की हां में हां मिला दी। गुरुवार की शाम को जब सरदार सिंह गांव के लोगों को पंचायत के लिए इकट्ठा करने के इरादे से घर से बाहर निकला, तो मांगीबाई को अपनी आजादी का इकलौता मौका नजर आया।

भारी पत्थर से ताला तोड़ा, गले में जंजीर लपेटे ही दौड़ पड़ी बहादुर महिला

घर में अकेली मांगीबाई की नजर पास ही पड़े एक भारी पत्थर पर पड़ी। उन्होंने अपनी बची-खुची पूरी ताकत समेटी और जंजीर के ताले पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। कई कोशिशों के बाद आखिरकार ताला टूट गया। बिना एक पल गंवाए मांगीबाई वहां से भाग निकलीं। भूख-प्यास और घावों के दर्द से बेहाल महिला गले में भारी जंजीर और ताला लटकाए ही खिलचीपुर कस्बे की तरफ दौड़ पड़ी। रास्ते में लोग उन्हें मानसिक रूप से बीमार समझने लगे, लेकिन उनकी हालत देखकर एक सहृदय राहगीर ने उन्हें नाश्ता कराया, जिसके बाद वे सीधे थाने पहुंचीं।

थाने में लटकी जंजीर देख पुलिसकर्मी भी दंग, आरोपी पति गिरफ्तार

गले में मोटी जंजीर और ताला लपेटे जब मांगीबाई खिलचीपुर थाने के भीतर दाखिल हुईं, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने फौरन तत्परता दिखाते हुए कटर की मदद से महिला के गले से जंजीर और ताला कटवाया। इसके बाद महिला को अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें गर्म सरिए से जलाए जाने और गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एक विशेष टीम छीपीपुरा गांव भेजी और दबिश देकर हैवान पति सरदार सिंह तंवर को गिरफ्तार कर लिया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply