
उत्तर प्रदेश के रामपुर में रिया बनकर हिंदू युवक से शादी करने वाली लुटेरी दुल्हन यासमीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया जब यह पता चला कि बरेली की रहने वाली यासमीन ने असली पहचान छुपाकर एक युवक से शादी की और शादी के बाद घर से कीमती सामान लेकर भागने की कोशिश कर रही थी।
बरेली की यासमीन रामपुर से गिरफ्तार
सिविल लाइन पुलिस ने यासमीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी कर ली है। उसकी पहचान बरेली की यासमीन पत्नी माहिर अली के रूप में हुई है, जो थाना व कस्बा आवला के मुहल्ला सैयादान की रहने वाली है। पुलिस ने बताया कि वह एक लुटेरी दुल्हन है, जिसने शादी के बाद घर से कीमती जेवर और सामान लेकर फरार होने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सकी।
यासमीन ने रिया नाम की आईडी दिखाकर की शादी
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने कहा कि यासमीन ने अपने को रिया गुप्ता बताकर फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चला कि वह अपने दो साथियों, राम सिंह और कल्लू के साथ मिलकर इस तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दे रही थी।
सिटी सिविल लाइन्स क्षेत्र के नादरबाग निवासी पुनीत कुमार सब्जी विक्रेता हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है और घर में बुजुर्ग मां, एक भाई (तरुण) और बहन की शादी हो चुकी है। पुनीत का कहना है कि उसकी शादी के लिए उसके मौसा विजय सिंह ने अपने दोस्त कल्लू से संपर्क किया था।
कल्लू गजरौला गांव का निवासी है, जिसने ही राम सिंह से मिलकर लड़की दिखाने का आयोजन किया। 11 जून को, एक लाख रुपये लेकर, पुनीत और उसके मौसा बरेली गए और लड़की को देखा। लड़की ने अपना नाम रिया गुप्ता बताया, लेकिन उसने फर्जी आधार कार्ड दिखाया, जिससे शक नहीं हुआ।
सुहागरात से पहले खुली यासमीन की पोल
बाद में, लड़की का नाम यासमीन सामने आया। शादी के बाद, 12 जून को घर में रस्में हुईं। शादी के सात फेरे लेने के बाद, सुहागरात से पहले ही यासमीन घर का सामान लेकर भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन घर में मौजूद रिश्तेदारों के कारण वह सफल नहीं हो सकी।
घर में ही विवाद होने पर, उसने अपनी पोल खोलते हुए अपना नाम यासमीन और बरेली का निवासी बताई। जबरदस्ती घर से जाने की कोशिश करने पर उसे पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने यासमीन को थाने पर बुलाकर पूछताछ की।
सिविल लाइन थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि महिला बरेली के थाना व कस्बा आवला के मुहल्ला सैयादान की रहने वाली है। उसके खिलाफ ठगी और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, महिला पुलिस हिरासत में है और उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जाएगा।



