CrimeIndiaTrending

मैट्रिमोनियल साइट का महाठग गिरफ्तार, 25 शादियों के जरिए करोड़ों की ठगी का आरोप..

मैट्रिमोनियल साइट का महाठग गिरफ्तार, 25 शादियों के जरिए करोड़ों की ठगी का आरोप..

शादी का झांसा देकर बेसहारा, तलाकशुदा और दिव्यांग महिलाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय ‘मैरिज स्कैमर’ का पर्दाफाश हुआ है, जिसकी हकीकत जानकर पुलिस भी दंग रह गई। महाराष्ट्र पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से अनुज त्रिवेदी नाम के एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग नाम और फर्जी पहचान पत्र बदलकर अब तक कम से कम 25 महिलाओं से शादियां रचा चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि कभी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाला यह आरोपी आज करोड़ों की संपत्ति का मालिक है और इसके परिवार के तार एक बड़े वीआईपी राजनीतिक घराने से जुड़े हुए हैं।

75 साल की बुजुर्ग मां की शिकायत पर खुला घिनौना राज

इस महाठग के पाप का घड़ा तब फूटा जब महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने शिकायत दर्ज कराई। आरोपी अनुज ने साल 2019 में वैवाहिक विज्ञापन के जरिए पीड़ित महिला की 45 वर्षीय बेटी को अपने जाल में फंसाया और उससे शादी कर ली। शादी के बाद उसने ससुराल वालों को झांसा देकर उनका पुराना फ्लैट बिकवा दिया और नया आलीशान मकान बनवाने का सपना दिखाकर 82 लाख रुपये हड़प लिए। हद तो तब हो गई जब फरवरी 2022 में वह महिला को दिल्ली में एक शादी का बहाना बनाकर ले गया और वहां से करीब 33 तोला सोना समेटकर रफूचक्कर हो गया। इस तरह उसने एक ही परिवार से कुल 97 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया।

नाम और पहचान बदलने में माहिर, गिरगिट की तरह बदलता था चोला

पुलिस जांच में सामने आया है कि सीतापुर के मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रावल गांव का रहने वाला अनुज त्रिवेदी ठगी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता था। वह हर नई महिला को शिकार बनाने के लिए नया नाम और नई पहचान का इस्तेमाल करता था। उसने अब तक अजय अग्रवाल, संतोष सिंह, जयप्रकाश, और रमेश चंद्र गुप्ता जैसे कई फर्जी नाम अपना रखे थे। जब महाराष्ट्र पुलिस ने जाल बिछाकर उसे ग्रेटर नोएडा से दबोचा, तब वह वहां भी ‘चंद्रप्रकाश त्रिवेदी’ नाम के फर्जी पहचान पत्र के सहारे छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से नकली दस्तावेज, तीन मोबाइल फोन और कई एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

सिक्योरिटी गार्ड से करोड़पति बनने का सफर और वीआईपी कनेक्शन

गांव वालों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, करीब 27 साल पहले अनुज लखनऊ में मामूली सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। इसके बाद उसने अचानक अपनी खुद की सिक्योरिटी एजेंसी और प्रॉपर्टी का काम शुरू किया और देखते ही देखते करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया। आज लखनऊ में उसकी आलीशान कोठी, नैमिषारण्य में बड़ा मकान और गांव में एक प्राइवेट स्कूल भी है। रसूख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसके बेटे की शादी एक रसूखदार राजनीतिक परिवार में हुई है, जिसमें कई बड़े नेता और मंत्री शामिल हुए थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस काले धंधे में उसका बेटा भी शामिल था या नहीं।

जांच के दायरे में करोड़ों का ट्रांजैक्शन और पूरा नेटवर्क

महाराष्ट्र पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि अनुज ने 25 महिलाओं को शिकार बनाकर जो करोड़ों रुपये ऐंठे हैं, उन्हें कहां-कहां इन्वेस्ट किया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि इस बड़े रैकेट के पीछे कुछ और सफेदपोश लोग भी शामिल हो सकते हैं जो उसे कानूनी कार्रवाई से बचाते आ रहे थे। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से ही राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर इस मैरिज स्कैमर की खूब चर्चा हो रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply