
Delhi Illicit Relation Murder Case: देश राजधानी दिल्ली के गांधीनगर इलाके में महिला की हत्या का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी पति को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस ने हत्या में चौंकाने वाला खुलासा करते बताया कि पति खालिद ने पत्नी के गैरमर्द से अवैध संबंध के शक में हत्या कर दी और फिर बचने के लिए मुंबई भाग गया. आरोपित की पहचान खालिद के रूप में हुई है.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी खालिद ने बताया कि 15 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके 3 बच्चे हैं. पिछले एक वर्ष से उसका अपनी पत्नी के साथ लगातार विवाद चल रहा था. उसे शक था कि पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध है. शनिवार (13 जून, 2026) को खालिद और उसकी पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ा कि उसी दौरान चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी.
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी खालिद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जनरल डिब्बे में बैठा और फिर बिना टिकट लिए मुंबई भाग गया. इस बीच पुलिस ने जांच की कड़ी में खालिद की तलाशी शुरू कर दी थी और पीछे-पीछे मुंबई पहुंच गई. पुलिस ने मुंबई से खालिद को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से चाकू, पासपोर्ट व अन्य सामान बरामद किया है. आरोपी खालिद पर पहले से झगड़े, मारपीट के छह आपराधिक केस दर्ज हैं. कुल मिलाकर वह आपराधिक प्रवृत्ति का शख्स है.
कैसे मारा पत्मी को
पुलिस पूछताछ में खालिद ने बताया कि गांधी नगर इलाके में गला रेतकर उसने पत्नी की हत्या की. उसने अवैध संबंध के शक में पत्नी की बड़ी ही बेरहमी से हत्या की थी. जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा के मुताबिक, 13 जून को सूचना मिली थी कि एक महिला खून से लथपथ हालत में घर में पड़ी हुई है. पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि महिला का पति फरार है.
एक गलती से फंस गया खालिद
जांच में सामने आया कि आरोपी का फोन लगातार बंद हैं और इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय नहीं है. इसके बाद पुलिस टीमों को उत्तर प्रदेश के बदायूं, कर्नाटक व मुंबई भेजा गया. इस बीच खालिदने फोन के जरिये अपने भाई से संपर्क करने की कोशिश की. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मुंबई के पुलिस से उसे गिरफ्तार कर लिया.



