CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

दहेज में कार नहीं मिली तो नवविवाहिता को तेजाब पिलाकर मार डाला, अस्पताल से भाग रहे पति और ससुर को पुलिस ने दबोचा, 6 पर मुकदमा दर्ज..

मुरादाबाद। दहेज की मांग ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। थाना मझोला क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर में दहेज उत्पीड़न और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने नवविवाहिता को प्रताड़ित किया और बाद में तेजाब पिलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

दहेज में कार नहीं मिली तो नवविवाहिता को तेजाब पिलाकर मार डाला, अस्पताल से भाग रहे पति और ससुर को पुलिस ने दबोचा, 6 पर मुकदमा दर्ज..

मामला सम्राट अशोक नगर निवासी रोहन के परिवार से जुड़ा है। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के जसपुर थाना क्षेत्र निवासी रोहित ने थाना मझोला पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन अंजली की शादी करीब चार वर्ष पहले मुरादाबाद निवासी रोहन के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में कार की मांग को लेकर अंजली को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा।

पीड़ित भाई का आरोप है कि अंजली ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद परिवार को उम्मीद थी कि अब उसके साथ होने वाला उत्पीड़न रुक जाएगा, लेकिन हालात नहीं बदले। आरोप है कि पति रोहन, ससुर सुरेश, सास भोली और ननदों कंचन, दिया व पलक द्वारा लगातार अंजली को प्रताड़ित किया जाता रहा।

मृतिका अंजली की फाइल फोटो

तहरीर के मुताबिक 17 जून की दोपहर करीब डेढ़ बजे आरोपियों ने कथित रूप से अंजली को पकड़कर तेजाब पिला दिया। हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने मायके पक्ष को सूचना दी। परिजन तत्काल मुरादाबाद पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसी अंजली को दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में अंजली जिंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले पति और ससुर के अस्पताल से फरार होने की कोशिश करने की बात सामने आई, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी कुमार रणविजय ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति रोहन, ससुर सुरेश समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। चार साल पहले जिस रिश्ते की शुरुआत सात फेरों और नई जिंदगी के सपनों के साथ हुई थी, वह कथित दहेज की मांग के चलते दर्दनाक अंत तक पहुंच गई। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply