CrimeIndiaTrending

पत्नी को शौच के लिए ले जाकर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, 11 दिन बाद सामने आई चौंकाने वाली कहानी..

पत्नी को शौच के लिए ले जाकर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, 11 दिन बाद सामने आई चौंकाने वाली कहानी..

एटा : अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम साडरपुर में 11 दिन पहले हुए चर्चित आशीष हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या किसी पुरानी रंजिश या लूटपाट के लिए नहीं, बल्कि एक विवाहित महिला से मिलने आए युवक द्वारा पकड़े जाने के डर से की गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार 9 जून की रात गांव साडरपुर निवासी 24 वर्षीय आशीष अपनी पत्नी को शौच के लिए खेतों की ओर लेकर गया था। वापस लौटते समय अंधेरे में उसे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। आशीष ने उसे पकड़ लिया और अपने चाचा को आवाज लगाने लगा। इसी दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख तमंचे से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल आशीष को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई थी। हत्या का कारण स्पष्ट न होने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. इलामारन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी।

प्रेमिका से मिलने पहुंचा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी किशोर एक शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। उसके गांव साडरपुर की एक महिला से कथित रूप से प्रेम संबंध थे। 8 जून को दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर रात में मिलने की बात हुई थी।

रात करीब 10 बजे ठेका बंद करने के बाद किशोर शराब पीकर महिला से मिलने साडरपुर पहुंचा। उसने कई बार फोन किया, लेकिन महिला ने कॉल रिसीव नहीं की। आरोपी ने महिला के घर का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इससे नाराज होकर वह वापस लौटने लगा।

पहले भी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ चुका था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी गांव में एक अन्य महिला के साथ पकड़ा जा चुका था। उस समय ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की थी। उसी घटना के बाद से वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा साथ रखने लगा था।

इसी बीच रास्ते में आशीष और उसकी पत्नी मिल गए। आशीष ने संदिग्ध समझकर किशोर को पकड़ लिया और मदद के लिए आवाज लगाने लगा। आरोपी को लगा कि इस बार भी वह ग्रामीणों के हत्थे चढ़ जाएगा और उसकी पिटाई होगी। इसी डर और घबराहट में उसने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।

स्वाट और सर्विलांस टीम ने सुलझाई गुत्थी

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे के निर्देशन में हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए अलीगंज पुलिस, स्वाट टीम और जनपदीय सर्विलांस टीम लगातार काम कर रही थीं। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हुआ हत्या में प्रयुक्त तमंचा

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से मिला एक खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

गांव में चर्चा का विषय बना खुलासा

आशीष की हत्या के बाद जहां ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल था, वहीं पुलिस के खुलासे के बाद पूरा मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि एक युवक की जान केवल इसलिए चली गई क्योंकि उसने रात में संदिग्ध गतिविधि देखकर सवाल उठाने की कोशिश की थी।

11 दिनों तक रहस्य बनी रही हत्या की यह कहानी आखिरकार पुलिस की जांच में सामने आ गई, लेकिन आशीष के परिवार के लिए यह खुलासा उनके जवान बेटे की मौत का दर्द कम नहीं कर पाया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply