Gumla News: एक तरफ जहां पूरा देश फादर्सडे के मौके पर पिता के निस्वार्थ प्रेम, त्याग, समर्पण और उनके मार्गदर्शन के प्रति आभार जता रहा है. वहीं दूसरी तरफ झारखंड के गुमला से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां रायडीह थाना क्षेत्र में एक शराबी बेटे की बदतमीजी और मारपीट से तंग आकर पिता ने आवेश में आकर सो रहे बेटे की टांगी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस हत्याकांड से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

यह सनसनीखेज मामला रायडीह थाना क्षेत्र के करीडा गांव का है. मृतक की पहचान रमेश लोहरा और आरोपी पिता की पहचान अरुण लोहरा के रूप में हुई है. स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, रमेश लोहरा अत्यधिक शराब पीने का आदी था और वह अक्सर नशे में धुत रहता था. शराब की इस लत के कारण घर में आए दिन बापबेटे के बीच विवाद होता रहता था. रमेश न सिर्फ अपने बुजुर्ग पिता से बदतमीजी करता था, बल्कि कई बार उसने पिता के साथ मारपीट भी की थी. बेटे की इन हरकतों की वजह से पिता गहरे मानसिक तनाव और गुस्से में रह रहा था.
गहरी नींद में सो रहे बेटे पर किया टांगी से वार
शुक्रवार की देर रात रमेश एक बार फिर भारी नशे में घर पहुंचा और उसने अपने पिता अरुण लोहरा के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इस घटना के बाद जब रमेश गहरी नींद में सो गया, तब गुस्से और आवेश में आकर बुजुर्ग पिता ने घर में रखी टांगी उठा ली. उन्होंने सोते हुए बेटे पर टांगी से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे मौके पर ही रमेश की तड़पतड़प कर मौत हो गई.
शनिवार को जैसे ही इस बर्बर हत्याकांड की भनक ग्रामीणों को लगी, पूरे गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने खून से लथपथ शव को बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को जब्त करते हुए आरोपी पिता अरुण लोहरा को तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
गुमला में ही पिछले महीने बेटे ने ली थी पिता की जान
गुमला जिले में पारिवारिक विवाद में अपनों के खून की यह कोई पहली घटना नहीं है. इस वारदात से महज कुछ दिन पहले, मई महीने में जिले के ही पालकोट थाना क्षेत्र के लामदोन गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपने पिता की जान ले ली थी. वहां बारबार शादी का रिश्ता टूट जाने से नाराज होकर मन्ना गोप नाम के युवक ने अपने पिता लखन गोप की लोहे की रॉड से पीटपीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी.
बेटे को शक था कि उसके पिता की वजह से ही हर बार उसकी शादी की बात बिगड़ जाती है. इसी विवाद में उसने पिता को मौत के घाट उतार दिया था, जिसके बाद पालकोट थाना पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. फिलहाल, रायडीह पुलिस ने भी ताजा मामले में आरोपी पिता को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.


