LPGPNG Rules: ईरानअमेरिका युद्ध शुरू होने के बाद भारत में LPG गैस सिलेंडर से जुड़े कई नियम बदल दिए गए. होर्मुज स्ट्रेट बंद होने की वजह से भारत को गैस की किल्लत का सामना करना पड़ा है. एलपीजी गैस रिफिलिंग के नियम से लेकर सिलेंडर के दाम तक बदल गए. सरकार ने PNG पाइपलाइन कनेक्शन वाले घरों में LPG कनेक्शन को लेकर भी सख्त नियम तय कर दिया है. जिसके लिए 30 जून की तारीख बेहद अहम है.

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि 30 जून के बाद उन लोगों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे, जिनके इलाके में PNG पाइपलाइन का नेटवर्क है. बता दें कि सरकार की ओर से ऐसी कोई डेडलाइन नहीं दी गई है, लेकिन जिन इलाकों में गैस पाइपलाइन का कनेक्शन है, वहां लोगों पर LPG से PNG में शिफ्ट होने का दबाव बढ़ रहा है. लोगों से अपील की जा रही है कि वो तीन महीने के अंदर एलपीजी से पीएनजी में स्विच कर लें, लेकिन इसकी कोई लास्ट डेट तय नहीं की गई है.
क्या 30 जून के बाद इन लोगों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर ?
मार्च 2026 में पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम उत्पाद वितरण आदेश 2026 नाम से नोटिफिकेशन जारी किया. LPG गैस पर निर्भरता कम करने के लिए PNG कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए ड्राइव 2.0 की शुरुआत की. 31 मार्च 2026 को नेशनल पाइप्ड नेचुरल गैस ड्राइव 2.0 की शुरुआत की गई, जिसकी डेडलाइन जून 30 तय की गई . लोगों को LPG से PNG में स्विच करने की सलाह दी गई. एक परिवार में एक समय में LPG या PNG में से किसी एक कनेक्शन को रखने की नियम तय किया गया . सरकार ने डबल कनेक्शन पर पाबंदी लगा दी है.
नहीं होगी LPG सिलेंडर की डिलीवरी ?
सरकार ने पीएनजी नेटवर्क वाले इलाकों में ‘नो ड्यूल कनेक्शन पॉलिसी’ लागू कर दी है. जिसका मतलब है कि अगर आपके पास पहले से सिलेंडर हैं और आपका PNG कनेक्शन भी एक्टिव है, तो आपको 30 दिनों के भीतर अपना सिलेंडर जमा करना होगा.
90 दिन की डेडलाइन
जिन इलाकों में पाइपलाइन बिछी है, वहां लोकल गैस सर्विस प्रोवाइडर की ओर से आपको PNG कनेक्शन लेने के लिए आधिकारिक तौर पर नोटिस भेजा जाएगा. अगर आपने इस नोटिस को इग्नोर किया या 90 दिनों के भीतर पीएनजी कनेक्शन के लिए अप्लाई नहीं किया , तो आपके LPG सिलेंडर की डिलीवरी लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. 90 दिन की ये डेडलाइन 30 जून 2026 को पूरी हो रही है, हालांकि इसका ये मतलब बिल्कुल नहीं है कि 30 जून के बाद ऐसे उपभोक्ताओं का LPG कनेक्शन स्वत: बंद हो जाएगा. यानी 90 दिन की डेडलाइन के बाद कनेक्शन कटने की बात पूरी तरह से सही नहीं है, बल्कि जहां पीएनजी नेटवर्क है और लोग आवेदन नहीं कर रहे हैं, वहां हो सकता है कि आने वाले दिनों में LPG सिलेंडर की सप्लाई में कुछ प्रतिबंध लगाए जाएं, ताकि लोग PNG की ओर स्विच करें.
कितने लोगों ने छोड़ दिया LPG सिलेंडर का कनेक्शन
पेट्रोलियम मंत्रालय की सलाह पर लोग अब एलपीजी सिलेंडर छोड़कर PNG पाइनलाइन को अपना रहे हैं. मार्च 2026 में ही करीब 1 लाख परिवार ने LPG सिलेंडर सरेंडर कर दिया. 10.02 लाख PNG कनेक्शन चालू किए गए. 3.22 लाख नए पीएनजी कनेक्शन की तैयारी कर ली गई है. करीब 13.24 लाख पीएनजी कनेक्शन चालू हैंय
कैसे चेक करें आपके एरिया में PNG कनेक्शन है या नहीं ?
आपके इलाके में गैस पाइपलाइन नेटवर्क है या नहीं, इसे जानना का तरीका बेहद आसान है. आप गैस डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी से पता कर सकते हैं. अगर आपके इलाके में PNG कनेक्शन है, तो जरूरी दस्तावेज जमाकर कनेक्शन के लिए अप्लाई कर सकते हैं. आप ऑनलाइन भी पाइपलाइन नेटवर्क की जानकारी हासिल कर सकते हैं.
अगर आपके पास भी LPG, PNG दोनों कनेक्शन है, तो क्या करें ?
अगर आपके पास पहले से LPG सिलेंडर का कनेक्शन है और अब आपने PNG कनेक्शन भी एक्टिवेट करवा लिया है, तो आपको 30 दिनों के भीतर अपना सिलेंडर जमा करना होगा. आप इंडेन, भारत गैस, HP जिस भी कंपनी का सिलेंडर इस्तेमाल कर रहे हैं उसे उसी एजेंसी में जाकर सब्मिट कर सकते हैं. आपका सिक्योरिटी अमाउंट आपके बैंक खाते में रिफंड कर दिया जाएगा. आप चाहे, तो सिलेंडर सरेंडर कर वाउचर भी ले सकते हैं, जिसे आप बाद में कभी एक्टिवेट करवा सकते हैं.



