Siya Goyal Case Pune: लोनावला के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में हुए पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ एक बड़ा सुराग लगा है. पुलिस जांच में अब इस खौफनाक वारदात के पीछे की मुख्य वजह यानी मर्डर मोटिव साफ होता नजर आ रहा है. पुलिस के अनुसार, केतन की मंगेतर और मुख्य आरोपी सिया गोयल इस शादी के लिए मानसिक रूप से बिल्कुल तैयार नहीं थी. वह अपने परिवार के भारी दबाव में इस रिश्ते को आगे बढ़ा रही थी, जिसके चलते उसने केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला लिया.

अदालत ने दोनों मुख्य आरोपियों, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और अपने पारिवारिक रियल एस्टेट बिजनेस ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर थे. केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होनी तय हुई थी. इस भव्य शादी के लिए राजस्थान में कई करोड़ रुपये का एक महल बुक किया जा चुका था और मेहमानों को लानेले जाने के लिए दो प्राइवेट एयरक्राफ्ट तक का इंतजाम किया गया था. लेकिन इस चकाचौंध के पीछे एक गहरी साजिश पनप रही थी.
दिवाली पार्टी की मुलाकात और लव अफेयर
जांच में सामने आया है कि सिया गोयल की मुलाकात पिछले साल एक दिवाली पार्टी के दौरान कोंढवा के रहने वाले चेतन चौधरी से हुई थी. धीरेधीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एकदूसरे के प्यार में गिरफ्तार हो गए. सिया अपनी शादी को टालने के लिए लगातार समय मांग रही थी. जब उसे लगा कि परिवार के दबाव के आगे उसकी एक नहीं चलेगी, तो उसने चेतन के साथ मिलकर केतन को अपने रास्ते से हटाने की प्लानिंग शुरू कर दी. डिजिटल एविडेंस और दोनों की WhatsApp चैट से इस बात की पुष्टि हुई है.
14 जून को सांप का बहाना बना कर बचा था केतन
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पुलिस को दिए बयान में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि 18 जून की वारदात से ठीक चार दिन पहले यानी 14 जून को भी सिया केतन को उसी लोहागढ़ किले पर ले गई थी. वहां उसने केतन को धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन केतन ने पास की झाड़ियों को पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई. जब केतन ने सिया से इस बारे में पूछा, तो उसने ‘सांपसांप’ का झूठा शोर मचा दिया और कहा कि उसने डर के मारे अनजाने में धक्का दे दिया था. पुलिस को शक है कि सिया ने 31 मई को भी किले का दौरा कर रेकी की थी.
बाली ट्रिप का सस्पेंस: टॉयलेट में फ्लश किया पासपोर्ट
केतन के पिता ने सिया पर प्रीवेडिंग शूट को भी जानबूझकर कैंसिल कराने का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि केतन, सिया और उनके भाईबहन मुंबई एयरपोर्ट के लिए निकले थे, जहां से उन्हें बाली जाना था. रास्ते में लोनावला के एक फूड मॉल में सिया फोन लेने के बहाने कार के पास वापस गई थी. एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि पाऊच से केवल केतन का पासपोर्ट गायब है. पिता का आरोप है कि सिया ने साजिश के तहत केतन का पासपोर्ट टॉयलेट में फ्लश कर दिया था ताकि ट्रिप कैंसिल हो जाए और वह केतन को लोहागढ़ किले ले जा सके.
400 फीट गहरी खाई में दिया धक्का, चेहरे पर नहीं था कोई दुख
18 जून को सिया का जन्मदिन था, जिसे मनाने के बहाने वह केतन को फिर से लोहागढ़ किला लेकर गई. प्लान के मुताबिक, उसका प्रेमी चेतन चौधरी वहां पहले से मौजूद था. दोनों केतन को एक सुनसान और बेहद खतरनाक पॉइंट पर ले गए और वहां से उसे 400 फीट गहरी घाटी में धक्का दे दिया.
शुरुआत में सिया ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा था कि तेज हवाओं के कारण तस्वीरें लेते समय केतन का पैर फिसल गया था. केतन के पिता ने कहा, “जब पुलिस मेरे बेटे का शव लेकर आई, तो सिया के चेहरे पर न तो कोई शिकन थी और न ही कोई दुख. उसका व्यवहार बेहद संदेहास्पद था.” फिलहाल पुणे ग्रामीण पुलिस भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर बारीकी से जांच कर रही है.



