IndiaUttar Pradesh

कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा, ट्रेनी पायलट ऐसे हुई घायल; DGCA ने शुरू की जांच

Kanpur Airport Pilot Training Lapse: उत्तर प्रदेश के कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर चूक का मामला सामने आया है. 26 जून की रात एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान की लैंडिंग के बाद ट्रेनी पायलट जल्दबाजी में विमान से नीचे उतर गई, जबकि दोनों इंजन चालू थे और प्रोपेलर घूम रहे थे. इसी दौरान वह प्रोपेलर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं. हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों ने घायल ट्रेनी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.

कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा, ट्रेनी पायलट ऐसे हुई घायल; DGCA ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. हालांकि, इस पूरे मामले को दो दिन तक छिपाया गया. रविवार को यह बात सार्वजनिक हुई. जानकारी के अनुसार, गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन का Tecnam P2006T विमान नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग पर था. विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक ट्रेनी पायलट सवारी थी.

ट्रेनी पायल हुई घायल

लैंडिंग सुरक्षित रही, लेकिन इंजन पूरी तरह बंद होने और प्रोपेलर रुकने से पहले ही ट्रेनी विमान से बाहर निकल गई, जिससे यह दुर्घटना हुई. मामले को गंभीर मानते हुए DGCA ने संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया है. साथ ही हादसे में शामिल Tecnam P2006T विमान के संचालन पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है. दूसरी ओर, चकेरी एयरपोर्ट के निदेशक प्रदीप यादव ने इस घटना पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है.

DGCA ने दिए जांच के आदेश

विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी विमान से चालक दल या प्रशिक्षुओं को तभी उतरने की अनुमति दी जाती है, जब इंजन पूरी तरह बंद हो जाएं और प्रोपेलर पूरी तरह रुक जाएं. ऐसे में प्रारंभिक तौर पर यह मामला सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही, मानवीय भूल या प्रशिक्षण प्रक्रिया में कमी की ओर संकेत करता है. DGCA ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों और प्रशिक्षण संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply