
शादी के कुछ दिनों बाद हनीमून मनाने गया कपल, होटल में ठहरते ही बदल गई पति की नियत, फिर अपनी ही पत्नी को…
महाराष्ट्र के लोहागढ़ में मंगेतर को पहाड़ी से धक्का देने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब दिल्ली-एनसीआर के नोएडा से भी वैवाहिक रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के सेक्टर-75 में रहने वाली एक नवविवाहिता ने अपने पति…
महाराष्ट्र के लोहागढ़ में मंगेतर को पहाड़ी से धक्का देने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब दिल्ली-एनसीआर के नोएडा से भी वैवाहिक रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के सेक्टर-75 में रहने वाली एक नवविवाहिता ने अपने पति पर हनीमून के दौरान दार्जिलिंग में सीढ़ियों से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नोएडा की सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्यादा दिन नहीं टिक सकीं शादी की खुशियां
पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उनका विवाह इसी साल 30 अप्रैल 2026 को हरविंदर चौहान नामक युवक के साथ हुआ था लेकिन शादी की खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिक सकीं। आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति हरविंदर ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करना शुरू कर दिया था।
होटल में रची मौत की साजिश
शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए सिक्किम और दार्जिलिंग गए थे। पीड़िता का आरोप है कि 9 मई को जब वे दार्जिलिंग के एक होटल में ठहरे हुए थे तभी हरविंदर ने उन्हें जान से मारने की नीयत से सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। इस जानलेवा हमले में नवविवाहिता के सिर, पेट और दोनों घुटनों में गंभीर चोटें आईं।
नोएडा लौटकर भी नहीं रुका हैवानियत का सिलसिला
हैवानियत का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। पीड़िता ने बताया कि 10 मई को जब दोनों वापस नोएडा लौटे और उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो आरोपी पति गुस्से से आगबबूला हो गया। उसने पीड़िता का मोबाइल फोन जमीन पर पटक कर तोड़ दिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। इसके बाद उसने घायल पत्नी के पेट में लातें मारीं और थप्पड़-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। पुलिस के पास जाने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी और अगले ही दिन पत्नी को लहूलुहान हालत में छोड़कर अपने पिता के घर भाग गया।
फिलहाल गंभीर रूप से घायल पीड़िता ने किसी तरह अपना इलाज कराया और 17 जून को अपना सरकारी मेडिकल कराने के बाद सेक्टर-113 थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी हरविंदर के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।



