
आरोपी अभिषेक निनामा ने इंस्टाग्राम पर क्षेत्र की दो नाबालिग छात्राओं को अपना निशाना बनाया था. उसने पहले दोस्ती गांठी और फिर उन्हें अश्लील वीडियो व मैसेज भेजकर आपत्तिजनक चैटिंग करने लगा.
MP Crime News: मध्य प्रदेश के इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों को जाल में फंसाने और उनके साथ अश्लीलता करने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. यहां इंस्टाग्राम पर दो नाबालिग स्कूली छात्राओं को अश्लील वीडियो, फोटो और आपत्तिजनक मैसेज भेजने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का नाम अभिषेक निनामा है, जो मूल रूप से झाबुआ का रहने वाला है और इंदौर में फिजियोथेरेपिस्ट की पढ़ाई कर रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अभिषेक निनामा ने इंस्टाग्राम पर क्षेत्र की दो नाबालिग छात्राओं को अपना निशाना बनाया था. उसने पहले दोस्ती गांठी और फिर उन्हें अश्लील वीडियो व मैसेज भेजकर आपत्तिजनक चैटिंग करने लगा. आरोपी यहीं नहीं रुका, वह बच्चियों पर मिलने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए लगातार मानसिक दबाव बना रहा था.
कैसे हुआ पूरे मामला का खुलासा?
इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित छात्रा की मां को दूसरी छात्रा की मां ने फोन कर आरोपी की हरकतों के बारे में बताया. इसके बाद जब 12 साल की पीड़ित बच्ची का इंस्टाग्राम अकाउंट चेक किया गया, तो उसमें आरोपी अभिषेक द्वारा भेजे गए आपत्तिजनक साक्ष्य मिले.
परिजनों की शिकायत पर तिलक नगर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी अभिषेक को धर दबोचा. जांच में सामने आया है कि आरोपी के पिता पेशे से शिक्षक हैं, जबकि आरोपी खुद फिजियोथेरेपिस्ट की पढ़ाई कर रहा है.
अश्लील वीडियो चैटिंग और आपत्तिजनक तस्वीरें बरामद
पुलिस ने जब आरोपी का मोबाइल ज़ब्त कर उसकी तकनीकी जांच की, तो उसमें कई अन्य लड़कियों के साथ की गई अश्लील वीडियो चैटिंग और आपत्तिजनक तस्वीरें भी बरामद हुई हैं. पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि आरोपी ने और कितनी नाबालिगों को अपना शिकार बनाया है.



