
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक बेहद पेचीदा और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हजीरा थाना क्षेत्र के आरामील इलाके में अपने पति से अलग रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मौत के बाद इलाके में तब हड़कंप मच गया…
Gwalior Crime Mystery : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक बेहद पेचीदा और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हजीरा थाना क्षेत्र के आरामील इलाके में अपने पति से अलग रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मौत के बाद इलाके में तब हड़कंप मच गया जब महिला के साथ रहने वाले उसके दो Live-in Partners ने एक-दूसरे पर ही हत्या का संगीन आरोप लगा दिया। वहीं मृतका के सगे भाई ने दोनों पर मिलकर अपनी बहन की जान लेने का दावा किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों के लिए चलाती थी ई-रिक्शा
मूल रूप से कैलारस की रहने वाली आरती धाकड़ की शादी 12 साल पहले शिवपुरी के अतर सिंह से हुई थी जिनसे उनके दो बच्चे भी हैं लेकिन घरेलू विवाद और अनबन के चलते आरती करीब तीन साल पहले अपने पति का घर छोड़कर ग्वालियर आ गई थी।
यहां वह एक किराए के मकान में रहती थी और अपने बच्चों का पेट पालने के लिए खुद ई-रिक्शा चलाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात धर्मेंद्र दोहरे और संजू दोहरे नाम के दो युवकों से हुई। धीरे-धीरे दोनों का आरती के घर आना-जाना बढ़ गया और वे उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
कमरे में मिली लाश
बुधवार को आरती की लाश उसके कमरे में जमीन पर संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। इसके बाद दोनों पार्टनर्स ने पुलिस के सामने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। संजू ने पुलिस को बताया कि जब वह दोपहर में ई-रिक्शा चलाकर घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाने के बाद दूसरा पार्टनर धर्मेंद्र पसीने से लथपथ होकर बाहर निकला।
जब संजू ने आरती के बारे में पूछा तो धर्मेंद्र ने कहा कि वह नहा रही है और वहां से भाग निकला। संजू का आरोप है कि धर्मेंद्र शराबी है और उसने ही तकिये से मुंह दबाकर आरती की जान ली है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस की गिरफ्त में आए धर्मेंद्र ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए दावा किया कि आरती की हत्या संजू ने की है और वह उसे फंसा रहा है। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के 17 वर्षीय छोटे भाई ने पुलिस के सामने बड़ा बयान दिया। भाई ने कहा कि उसे संजू और धर्मेंद्र दोनों पर पूरा शक है।
उन दोनों ने मिलकर उसकी बहन को रास्ते से हटाया है। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि वारदात के बाद धर्मेंद्र अपनी बहन आरती का मोबाइल फोन भी अपने साथ चुरा ले गया है ताकि कोई सबूत न बचे। वहीं पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। करीब दो महीने पहले आरोपी धर्मेंद्र ने आरती को ग्वालियर के किले से नीचे धक्का देकर जान से मारने की कोशिश की थी। उस समय आरती की जान तो बच गई थी लेकिन उसके पैर में गंभीर चोट आई थी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



