
India vs England 2nd T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शाम 7:00 बजे से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा. चेस्टर ले स्ट्रीट में दोनों देशों के बीच पहला T20I मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में रणनीतिक बदलाव को देखते हुए वैभव सूर्यवंशी को भारत के लिए T20I और इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिल सकता है.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान इंटरनेशनल डेब्यू के लिए बेहद खास और यादगार साबित हो सकता है. मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान का महान बल्लेबाज सचिन रमेश तेंदुलकर से गहरा कनेक्शन है. यह वही मैदान है, जहां महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 17 साल की उम्र में अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का पहला शतक ठोका था. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34,357 रन और 100 शतक लगाए हैं.
ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान का सचिन से गहरा नाता
सचिन तेंदुलकर ने 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर अपना पहला इंटरनेशनल शतक लगाया था. सचिन तेंदुलकर ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में 68 रन बनाए और फिर दूसरी पारी में नाबाद 119 रनों की यादगार पारी खेलकर भारत को मैच हारने से बचाया था. सचिन तेंदुलकर को 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला.
वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार हो सकता है मैनचेस्टर का मैदान
अगर वैभव सूर्यवंशी को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलता है तो यह पल उनके लिए बेहद यादगार पल होगा. जिस मैदान पर सचिन तेंदुलकर ने अपना पहला इंटरनेशनल शतक लगाया था, वही मैदान एक और युवा क्रिकेटर के इंटरनेशनल सफर की शुरुआत का गवाह बन सकता है. वैभव सूर्यवंशी अगर इंग्लैंड के खिलाफ आज दूसरा T20I मैच खेलते हैं, तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 साल और 99 दिन की उम्र में अपना डेब्यू कर लेंगे.
टूट जाएगा सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी इसी के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे. इसी के साथ ही सचिन तेंदुलकर का लगभग 37 साल पुराना महारिकॉर्ड टूट जाएगा. सचिन तेंदुलकर ने जब 1989 में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी. बता दें कि वैभव सूर्यवंशी को अगर इंग्लैंड के खिलाफ इस T20I मैच में मौका मिलता है, तो वह मेंस T20I में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. अभी फिलहाल यह रिकॉर्ड आयरलैंड के जोशुआ लिटिल के नाम है, जिन्होंने 16 साल और 309 दिन की उम्र में डेब्यू किया था.



