
फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है। यहां औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में एक पत्नी की ऐसी ‘दरिंदगी’ देखने को मिली, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचे पति से नाराज पत्नी इस कदर हैवान बन गई कि उसने अपने ही सुहाग को चारपाई से बांध दिया। इसके बाद उसे बेरहमी से पीटा और तड़पाने के लिए बिजली का करंट लगा दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने किसी तरह गेट तुड़वाकर युवक की जान बचाई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लहूलुहान पति को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
नशे में घर लौटा था पति, विवाद बढ़ा तो पत्नी बनी हैवान
जानकारी के मुताबिक, परसदेपुर गांव के रहने वाले संजीव तिवारी पेशे से हलवाई का काम करते हैं। रविवार रात वह अत्यधिक शराब के नशे में धुत्त होकर अपने घर पहुंचे थे। घर आते ही किसी बात को लेकर उनका अपनी पत्नी रन्नो देवी से विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि रन्नो देवी अपना आपा खो बैठी। उसने खौफनाक साजिश रचते हुए पहले संजीव को रस्सी से चारपाई पर जकड़ दिया ताकि वह हिल भी न सके। इसके बाद उसने डंडे से ताबड़तोड़ वार कर संजीव का सिर फोड़ दिया, जिससे पूरे घर में खून की नदियां बह गईं।
पैर के अंगूठे में बांधा बिजली का तार, तड़पाकर दिया करंट
हैवानियत की हदें तो तब पार हो गईं जब पत्नी ने तड़प रहे संजीव को बिजली के झटके देना शुरू किया। वारदात के बाद जब लोग अंदर पहुंचे तो संजीव के दाहिने पैर के अंगूठे और दाहिने हाथ की उंगली में बिजली का नंगा तार बंधा हुआ था। करंट लगने की वजह से पैर का अंगूठा पूरी तरह से काला पड़ चुका था। बेडरूम के अंदर लहूलुहान डंडा और बिजली के तार बिखरे पड़े थे, जो इस बात की गवाही दे रहे थे कि अंदर किस कदर खौफनाक यातनाएं दी गईं।
चीखें सुनकर दौड़े पड़ोसी, बंद दरवाजा देख उड़ गए होश
रात करीब 10:30 बजे जब संजीव के घर से असहनीय चीखें और रोने की आवाजें आने लगीं, तो परिवार के राहुल तिवारी और पड़ोसी शुभम द्विवेदी व भोले तिवारी समेत कई ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। राहुल ने जब रन्नो से दरवाजा खोलने को कहा तो उसने अंदर से साफ मना कर दिया। भीतर से संजीव की चीखें और तेज होने पर ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका में जबरन दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देखकर वहां मौजूद हर शख्स के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तुरंत इस खौफनाक मंजर का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कानपुर हैलट अस्पताल रेफर, आरोपी पत्नी सलाखों के पीछे
ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 और औंग थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संजीव को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल और फिर वहां से कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
औंग थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित के भाई (देवर) मनीष की तहरीर पर आरोपी महिला रन्नो देवी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाकर कानूनी कार्रवाई में जुटी है। घायल पति की हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद उसके मजिस्ट्रेट बयान दर्ज कराए जाएंगे।



