
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के हीरानगर थाना क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध का विरोध करने पर एक युवती की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके भाई ने विवाद के दौरान उसका सिर दीवार से पटक दिया और गंभीर रूप से घायल होने के बाद मां के साथ मिलकर उसे जहर खिलाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
मृतका की पहचान ज्योति अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके भाई प्रकाश अग्रवाल और मां शीतल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि घटना वाली रात ज्योति अपने प्रेमी से मिलने घर से निकल रही थी, तभी परिवार ने उसे रोक लिया और विवाद हिंसक हो गया।
पुलिस के मुताबिक, ज्योति के घायल होने के बाद आरोपी उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में परिजनों के बयान संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने अलग-अलग पूछताछ, फॉरेंसिक साक्ष्य और घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए जहर खिलाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे ऑनर किलिंग का मामला मान रही है।



