Washim Husband Kills Wife Expressway: वाशिम जिले के कारंजा लाड क्षेत्र में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी की कथित रूप से हत्या करने के बाद आरोपी पति कई घंटों तक शव को कार में लेकर घूमता रहा और अंततः कारंजा शहर पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी की हत्या के बाद 3 बच्चों संग घंटों कार में घूमता रहा आरोपी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के कलवर्धा निवासी सलमान खान नेक मोहम्मद अपनी पत्नी हसीन बानो और तीन छोटे बच्चों के साथ कार से ग्रेटर नोएडा जा रहा था। इसी दौरान कारंजा क्षेत्र में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर उसने कार रोकी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर हमला किया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने शव को कार में ही रखा और कई घंटों तक तथा कारंजा शहर में कार चलाता रहा।
कार में पीछे तीनों मासूम बच्चे मौजूद थे। आखिरकार मंगलवार सुबह वह सीधे कारंजा शहर पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कारंजा उपजिला अस्पताल भेज दिया है।
पत्नी के चरित्र पर था संदेह
पूछताछ के दौरान आरोपी ने को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। जिसके चलते उसने यह वारदात की। हालाकि पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अलगअलग बयान दे रहा है, इसलिए उसके बयानों की सत्यता की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय कार में पतिपत्नी और बच्चों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना स्थल और कार की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है।
वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। कारंजा शहर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।



