
जाायस/अमेठी, अमृत विचार। राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान के जायस परिसर में रविवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संस्थान पहुंचकर तीन नवनिर्मित छात्रावासों का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन को लेकर संस्थान और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुबह 11:55 बजे आरजीआईपीटी परिसर पहुंचेंगे। संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी समेत वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह सुभाष चंद्र बोस, होमी भाभा और विद्यासागर छात्रावासों का उद्घाटन करेंगे। छात्रावासों के शुरू होने से संस्थान की आवासीय क्षमता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित व सुविधाजनक आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।
उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री छात्रावास परिसर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वह विवेकानंद सभागार पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित करेंगे। आरजीआईपीटी निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने उपमुख्यमंत्री के आगमन को संस्थान परिवार के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी और संस्थान के शैक्षणिक एवं आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।
अधिकारियों संग करेंगे समीक्षा बैठक
कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद वह भाजपा अमेठी के निवर्तमान जिला महामंत्री भागीरथी मौर्य के ग्राम मुबारकपुर मुखेतिया, पोस्ट हरवंशगंज स्थित आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:15 बजे अमेठी से प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेंगे।



