
डिजिटल डेस्क लखनऊः महिला एशिया कप 2026 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का काफी शर्मनाक प्रदर्शन रहा। मैच में पाकिस्तान की हार के साख उनकी टीम के मेंटोर वहाब रियाज का एक बयान खूब चर्चा में है। भारत ने पाकिस्तान को महज 55 रन पर ऑलआउट कर दिया, लेकिन मुकाबले के बाद वहाब रियाज ने अपनी टीम को एशिया कप की सबसे अच्छी टीम बताया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है।
दुबई में शनिवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम ने शुरुआती चार ओवर से ज्यादा समय तक बिना विकेट गंवाए 27 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा शिकंजा कसा कि पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 28 रन और जोड़कर 55 रन पर सिमट गई।
भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए नौवें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया और सात विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।
55 रन पर ऑलआउट, फिर भी बोले पाकिस्तान सबसे अच्छी टीम
शर्मनाक हार के बाद वहाब रियाज ने कहा कि उन्हें अपनी खिलाड़ियों की क्षमता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि टीम को अपनी गलतियों से सीखते हुए अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
वहाब रियाज के मुताबिक, एक हार के आधार पर पाकिस्तान की टीम को जज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि पाकिस्तान एशिया कप की ट्रॉफी जीत सकता है।
उन्होंने कहा, “मेरा तो यही भरोसा है कि ये लड़कियां बहुत स्किलफुल हैं। उन्हें खुद पर भरोसा करने की जरूरत है। अब हांगकांग से मैच है। कोशिश करेंगे कि जो गलतियां हमने कीं, उन्हें अगले मैच में न दोहराएं।”
वहाब ने आगे कहा कि वह अभी भी मानते हैं कि पाकिस्तान एशिया कप 2026 की सबसे अच्छी टीम है और उनकी टीम ट्रॉफी भी उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट की परिस्थितियां पाकिस्तान के पक्ष में हैं।
https://twitter.com/AjayJadeja171/status/2096427382404243877?s=20
शेफाली के विकेट पर पाकिस्तान का जश्न भी चर्चा में
मैच के दौरान पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शेफाली वर्मा का विकेट लेने के बाद जिस तरह जश्न मनाया, वह भी चर्चा का विषय बना। पाकिस्तान की टीम इससे पहले महज 55 रन पर ऑलआउट हो चुकी थी, जबकि भारत ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
शेफाली का विकेट गिरने पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों का जश्न ऐसा था जैसे टीम ने मुकाबले में बड़ी सफलता हासिल कर ली हो। हालांकि, अंत में भारत ने सात विकेट से मैच जीत लिया।
सोशल मीडिया पर वहाब रियाज के बयान का मजाक
भारत के खिलाफ 55 रन पर सिमटने के बाद पाकिस्तान को एशिया कप की सबसे अच्छी टीम बताने वाला वहाब रियाज का बयान सोशल मीडिया यूजर्स को रास नहीं आया। पाकिस्तान के कुछ यूजर्स ने भी उनके बयान पर सवाल उठाए और मजाकिया टिप्पणियां कीं।
एक यूजर ने लिखा कि यह दावा वास्तविकता से दूर है और अपने पद पर बने रहने के लिए कमजोर प्रदर्शन को भी बेहतर बताने की कोशिश की जा रही है। एक अन्य यूजर ने पूछा कि आखिर वहाब किस नशे में हैं।
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि शायद वहाब रियाज माइक के सामने बैठने से पहले स्कोरकार्ड देखना भूल गए। वहीं एक अन्य यूजर ने पाकिस्तान की परेशानी की वजह ओवरकॉन्फिडेंस को बताया। कुछ ने तो यहां तक कह दिया की कोच लाए हो या फिर कोई कॉमेडियन।
भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद अब पाकिस्तान की टीम के सामने अगले मुकाबले में वापसी करने की चुनौती है। वहीं वहाब रियाज के “सबसे अच्छी टीम” वाले बयान ने मुकाबले के बाद की चर्चा को और गर्म कर दिया है।
ः



