Varanasi GST Officer Arrest: वाराणसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई की है। जीएसटी सेक्टर6 की उपायुक्त अंबिका को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामलें की शिकायत एक उद्योगपति ने की थी, जिसके बाद जाल बिछाकर उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठानद्वारा यह कार्रवाई की गई।

ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक ने की थी शिकायत
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और आकलन से जुड़ी फाइल के निस्तारण के लिए उपायुक्त अंबिका 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थीं।
50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ हुई गिरफ्तार
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय उपायुक्त अंबिका को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ , वाराणसी सेक्टर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। टीम मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। वाराणसी में हुई यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


