
इमलिया सुल्तानपुर/सीतापुर, अमृत विचार : इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में नदी में डूबने की दो अलगअलग घटनाओं से मचे हड़कंप के बीच पिरई नदी में लापता हुए युवक का शव बरामद कर लिया गया। वहीं, फर्रकपुर पुल के पास सरायन नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर की तलाश जारी है। जिसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
पिपरी तिलक सिंह गांव निवासी 25 वर्षीय संदीप पुत्र रामहेत शनिवार को भैंस चराने के लिए पिरई नदी के किनारे गया था। बताया जाता है कि इसी दौरान उसकी भैंस नदी की ओर चली गई। भैंस को पकड़ने के प्रयास में संदीप भी नदी में उतर गया। गहरे पानी में चले जाने के कारण वह नदी में लापता हो गया।
रविवार को बरामद हुआ संदीप का शव
रविवार को स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद संदीप का शव पिरई नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
सरायन नदी में डूबे किशोर की तलाश जारी
उधर, फर्रकपुर पुल के पास सरायन नदी में 14 वर्षीय राममिलन पुत्र चेतराम के डूबने की आशंका के बाद उसकी तलाश जारी है। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण नदी में लगातार खोजबीन करते रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।


