TrendingUttar Pradesh

​बहराइच : शिकार के लालच में पिंजरे में फंसा तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

​बहराइच :  शिकार के लालच में पिंजरे में फंसा तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बहराइच, अमृत विचार : नानपारा रेंज के जुगराजपुर गांव में कई दिनों से आबादी के आसपास घूम रहे तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तेंदुए के पकड़े जाने से दहशत में रह रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बताया जाता है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार दिखाई दे रहा था। इस दौरान उसने कई मवेशियों को अपना शिकार बनाया था। तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरा लगाकर उसकी निगरानी शुरू की। साथ ही क्षेत्र में लगातार कांबिंग कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही थी।

तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरे में बकरी को बांधा था। शनिवार को शिकार के लालच में तेंदुआ पिंजरे के अंदर पहुंच गया और उसमें कैद हो गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक तेंदुए को पिंजरे समेत नानपारा रेंज कार्यालय पहुंचाया।

डीएफओ सुन्दरेसा ने बताया कि तेंदुए की लगातार मूवमेंट की सूचना मिल रही थी। इसके बाद टीम को सक्रिय कर पिंजरा लगाया गया था। तेंदुआ पकड़ा गया है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा और उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल अथवा आबादी के आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने और सतर्क रहने की अपील की।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply