
सीतापुर, अमृत विचार: अब क्यूआर कोड पर आधारित एक क्लिक के सहारे थाने पर मौजूदगी माल मुकदमाती का पता चल सकेगा। इसको लेकर आईजी रेंज लखनऊ ने डिजिटल मालखाने का फीता काटकर शुभारंभ किया। बाद में वार्षिक समीक्षा और भ्रमण भी किया।
थाना कोतवाली देहात में लखनऊ रेंज के पहले क्यूआर कोड आधारित ‘डिजिटल मालखाने’ का फीता काटकर शुभारंभ करते हुए आईजी रेंज किरण एस. ने कहा कि इस नई तकनीक से मुकदमों से संबंधित जब्त संपत्ति पर क्यूआर कोड दर्ज रहेगा, जिसे स्कैन करते ही केस नंबर और संपत्ति की अद्यतन स्थिति स्क्रीन पर आ जाएगी।
इससे साक्ष्य प्रबंधन और न्यायालयीन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी। इस दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी आलोक सिंह, एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में यक्ष ऐप पर चर्चा
आईजी ने बीट पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए आरक्षियों को ‘यक्ष ऐप’ पर दैनिक सूचनाएं अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने गुमशुदा बालिकाओं और महिलाओं की बरामदगी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया।
साइबर थाने के निरीक्षण पर आईजी की दो टूक
साइबर थाना और एएचटीयू थाने का भी निरीक्षण के दौरान आईजी ने फर्जी सिम नेटवर्क और संगठित अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई पर जोर दिया।


