
सकरी थाना क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास करने तथा बटनदार चाकू से धमकाने के मामले में सकरी पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सकरी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 661/2026 के तहत इस्माइल खान उर्फ सोनू (31), निवासी भूण्डा, थाना कोटा ने शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 13 जुलाई की रात संकेत कुमार जायसवाल अपने साथियों के साथ उसके ढाबे में खाना खाने आया था। अगले दिन वह अपने साथियों के साथ लौटकर यह कहते हुए सीसीटीवी फुटेज देखने लगा कि उसका मोबाइल ढाबे में छूट गया है। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद मोबाइल दिखाई नहीं देने पर आरोपियों ने ढाबे के मिस्त्री विनोद कुमार टोंडे से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश पैदा हो गई।
शिकायत के मुताबिक, 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे संकेत कुमार जायसवाल, आर्यन दुबे और उनके चार अन्य साथी दोबारा ढाबे पहुंचे। सभी ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर ढाबा और संचालक को लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया तथा बटनदार चाकू और अन्य हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू सहित अन्य सामग्री और सीसीटीवी फुटेज जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे उर्फ तुषार और राहुल श्रीवास्तव शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।



