
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ के चौक इलाके में सोमवार को एक स्कूल वैन में तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने तीन अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी।
पुलिस उपायुक्त कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि चौक थाना क्षेत्र में चरक क्रॉसिंग पर आज सुबह तीन अज्ञात वाहन चालकों ने एक स्कूल वैन में तोड़फोड़ की, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक अज्ञात चालक वहां से भाग चुके थे। कुछ समाचार माध्यमों पर यह भी दावा किया कि स्कूल वैन में तोड़फोड़ करने वाले कांवड़िये थे लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर सामने आयी तोड़फोड़ वाली गाड़ी की तस्वीरों में स्कूल वैन की खिड़की का शीशा टूटा हुआ दिख रहा है और स्कूल की बच्चियां अपने स्कूल बैग के साथ सड़क पर खड़ी हैं।



