
हरदोई, अमृत विचार। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में पत्नी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक पति को भारी पड़ गया। आरोप है कि पत्नी के साथ अभद्रता और कपड़े फाड़ने का विरोध करने पर पिता और उसके तीन बेटों ने मिलकर पति की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। आखिरकार कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद घटना के 65 दिन बाद चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पीड़ित के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की रात की है। वह खेत से गेहूं लेकर घर गया था, जबकि उसकी पत्नी खेत में बची फसल की रखवाली कर रही थी। इसी दौरान गांव का एक युवक कथित रूप से शराब के नशे में वहां पहुंचा और महिला से छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए।
जब पति खेत पर वापस लौटा तो पत्नी ने पूरी घटना बताई। आरोप है कि तभी आरोपी के अन्य परिजन भी वहां पहुंच गए और पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी ने बीचबचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित का कहना है कि उसने तत्काल कोतवाली में तहरीर दी और वरिष्ठ अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। बीच में एक बार उचित पैरवी न होने के कारण मामला खारिज हो गया था, लेकिन बाद में सिविल जज /एफटीसी ने गवाही और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कोतवाली देहात पुलिस ने सोमवार शाम पिता और उसके तीन पुत्रों के खिलाफ छेड़छाड़, महिला को निर्वस्त्र करने का प्रयास, मारपीट और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली देहात के एसएचओ हरिनाथ यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

