
सांडा, सीतापुर। सकरन थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवती को जबरन जहर पिलाने का मामला सामने आया है। युवती ने गांव के ही युवक पर मारपीट और विषाक्त पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है। घटना के कुछ देर बाद युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सकरन थाना क्षेत्र के सीतलपुरवा गांव निवासी 19 वर्षीय ज्योति सोमवार दोपहर बाद लखनऊ से अपने गांव लौट रही थी। उसी बस में गांव का ही 21 वर्षीय अनूप भी सवार था। सीओ बिसवां हर्षित चौहान के अनुसार, दोनों एकदूसरे को पहले से जानते थे। महाराजनगर नहर पुल के पास उतरने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
युवती का आरोप अनूप ने मारपीट के बाद जबरन पिलाया जहरीला पदार्थ
युवती का आरोप है कि अनूप ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कुछ देर बाद अनूप ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों का उपचार चल रहा है। सीओ बिसवां हर्षित चौहान का कहना है कि मामले में आरोप और दावों की जांच की जा रही है, फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।


