
छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति की कथित प्रेमिका के घर आने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला कमरे में चली गई। परिवार का दावा है कि उसने पति को रात में कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद वह कमरे में फंदे से लटकी मिली।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मायके वालों ने पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
मामला दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र के उमरपोटी इलाके का है। उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली रवीना यादव की शादी करीब डेढ़ साल पहले विपुल यादव से हुई थी।
शादी के बाद दोनों दुर्ग में रहने लगे थे। विपुल अपने चाचा के साथ रहकर प्लंबरिंग का काम करता था। दंपती की कोई संतान नहीं थी।
घटना वाली रात दोनों घर पर ही मौजूद थे।
घर पहुंची कथित प्रेमिका, फिर हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान रवीना को जानकारी मिली कि उसके पति की कथित प्रेमिका घर आई थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
मायके पक्ष का आरोप है कि कहासुनी के बाद विपुल रवीना को कमरे में छोड़कर घर से बाहर चला गया।
इसके बाद कमरे में अकेली रवीना ने पति से संपर्क करने की कोशिश की।
रात में 17 बार फोन, फिर भी नहीं मिला जवाब
परिवार का दावा है कि रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच रवीना ने अपने पति को करीब 17 बार फोन किया। लेकिन किसी भी कॉल का जवाब नहीं मिला।
इससे पहले करीब 8:30 बजे उसने उस महिला को भी फोन किया था, जिसके साथ उसके पति के कथित संबंध बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत हुई थी। बातचीत में कथित तौर पर पति के रिश्ते को लेकर सवाल-जवाब भी हुए।
कमरे में फंदे पर मिली रवीना
कुछ समय बाद रवीना कमरे के अंदर चली गई। जब परिजनों को वह फंदे पर लटकी मिली तो घर में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। फिलहाल पुलिस को किसी सुसाइड नोट के मिलने की जानकारी नहीं है।
महिला की शादी को डेढ़ साल ही हुए थे, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कराया गया। शव का पोस्टमार्टम महिला डॉक्टरों की टीम ने किया।
मायके वालों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
रवीना की मौत की खबर मिलने के बाद जौनपुर से उसके मायके वाले दुर्ग पहुंचे। परिवार ने पति पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
मायके वालों का दावा है कि शादी से पहले से ही दोनों के रिश्ते में तनाव था। उन्होंने शादी से पहले निजी तस्वीरों और पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद होने के आरोप लगाए हैं।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस को मोबाइल और कॉल डिटेल से उम्मीद
मामले में सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण रवीना का मोबाइल फोन और कॉल डिटेल जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले रवीना ने किन लोगों से बातचीत की थी, पति से उसका आखिरी संवाद क्या था और उस रात घर में वास्तव में क्या हुआ।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच तीसरी महिला को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मायके पक्ष की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
फिलहाल मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे किसी तरह की प्रताड़ना या दूसरी वजह थी, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।



