IndiaTrendingUttar Pradesh

तेज रफ्तार का कहर, एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से महिला की मौत, सांसद के बेटे पर केस दर्ज

हैदराबाद : हैदराबाद के माधापुर इलाके में एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में राज्यसभा सदस्य लिंगमनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगमनेनी संजुश पर तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है। वह इनऑर्बिट मॉल स्थित लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्स स्टाफ के तौर पर काम करती थीं। 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी सहकर्मी पूजा अशोक के साथ ITC कोहिनूर के पास खाना लेने गई थीं। दोनों जब वापस इनऑर्बिट मॉल लौट रही थीं और मॉल के सामने सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने भारती को टक्कर मार दी।

हादसे में भारती के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। उन्हें तत्काल जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

साइबराबाद पुलिस की जांच में कार चालक की पहचान 21 वर्षीय लिंगमनेनी संजुश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संजुश बिजनेस से जुड़े हैं और हाईटेक सिटी, माधापुर में रहते हैं। उनके पिता लिंगमनेनी रमेश बिजनेसमैन होने के साथसाथ आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की जन सेना पार्टी से जुड़े बताए जाते हैं।

माधापुर के एसीपी सीएच श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित अपराध जमानती है और इसमें अधिकतम सजा सात साल से कम है, इसलिए फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की गई है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल एस्टन मार्टिन कार को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी का ड्रंक एंड ड्राइव और ड्रग टेस्ट कराया गया। उसके खून के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है।

मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर माधापुर पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 106 के तहत अपराध संख्या 1238/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply