मेरठ में तत्कालीन SSP अविनाश पांडेय और पुलिसकर्मियों पर समाजवादी पार्टी के दो नेताओं ने मारपीट के लगाए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है. इस बीच खबर है कि शनिवार को मेरठ में सिविल लाइंस थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया.

इस मामले के तूल पकड़ने के बाद मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह इसकी जांच कर रहे हैं. पुलिस के मुताबिक तत्कालीन SSP अविनाश पांडेय और संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि पूरे मामले की जांच की निष्पक्षता और पारदर्शी तरीके से की जा सके.
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मी
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़, उपनिरीक्षक मुलायम सिंह, हेड कांस्टेबल हरि ओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम बाबू, कांस्टेबल सुमित कुमार, कांस्टेबल नीलम लौर और चालक ललित कुमार शामिल हैं.
सपा नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप
इससे पहले, सपा नेता दिग्विजय सिंह भाटी और मोहित जाटव ने आरोप लगाया था कि 19 अगस्त को तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय से मिलने के दौरान उनके साथ गालीगलौज और मारपीट की गई. भाटी ने आरोप लगाया कि SSP के कक्ष में पिटाई के बाद उन्हें सिविल लाइंस थाना प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ के जरिए विशेष अभियान समूह के कार्यालय ले जाया गया, जहां उनके हाथपैर बांधकर उन्हें डंडों से पीटा गया.
इसके साथ ही दिग्विजय सिंह भाटी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया. साथ ही उन्हें यह धमकी दी कि अगर घटना के बारे में मीडिया से बात की तो उनका और भी बुरा हाल किया जाएगा. वहीं मोहित जाटव ने भी पुलिसकर्मियों पर उन्हें मुठभेड़ की धमकी देने का आरोप लगाया था. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
सपा ने की केस दर्ज करने की मांग
इधर समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने इस मामले में केस दर्ज करने की मांग की. उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है.
अखिलेश कुमार गौड़ को पुलिस लाइन भेजा गया
इस बीच, पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के जरिए सामने आए पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट के मामले को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने कहा कि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है. SSP के आदेश पर सिविल लाइंस थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है. भोसले ने बताया कि उपनिरीक्षक अरुण भाटी को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है.



