Varanasi News: वाराणसी में M.Sc छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे के पिता राम सहाय चौबे को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि राम सहाय बेटे विवेक की शादी श्रेया से कराना चाहता था. रिश्ता ठुकराए जाने के बाद उसने श्रेया के परिवार को धमकी दी थी. पुलिस अब फरार विवेक की तलाश में जुटी है.

श्रेया से बेटे की शादी कराना चाहता था राम सहाय
राजातालाब थाना क्षेत्र में M.Sc की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने 27 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से राम सहाय चौबे को पकड़ा. राम सहाय मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल का पिता है. पुलिस की विवेचना के मुताबिक, राम सहाय चाहता था कि उसके बेटे विवेक की शादी श्रेया से हो. हालांकि, श्रेया के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और उसकी शादी कहीं और तय कर दी. आरोप है कि इसी बात से राम सहाय नाराज था.
ये भी पढे़ं
परिवार को दी थी धमकी
पुलिस के अनुसार, रिश्ता ठुकराए जाने के बाद राम सहाय ने श्रेया के परिवार को धमकी दी थी. उसने कहा था, श्रेया यदि धरती पर रहेगी तो मेरी बहू बनकर ही रहेगी. पुलिस अब इस बयान और हत्या की साजिश के बीच संबंध की जांच कर रही है. श्रेया के मामा श्रीकांत मिश्रा का भी आरोप है कि विवेक को करोड़ों रुपए की जमीन का लालच उसके पिता राम सहाय ने ही दिया था. पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है.
18 अगस्त को लापता हुई थी श्रेया
मरुई गांव की रहने वाली श्रेया उपाध्याय M.Sc की छात्रा थी. वह 18 अगस्त को अचानक लापता हो गई थी. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की. इसके दो दिन बाद यानी 20 अगस्त को श्रेया का शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में एक सुनसान स्थान से बरामद हुआ था. शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के तौर पर जांचना शुरू किया.
मुख्य आरोपी विवेक अभी फरार
पुलिस के मुताबिक, श्रेया की हत्या के मामले में पुनीत मिश्रा और राम सहाय चौबे को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल अभी फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी के अलावा आसपास के कई जिलों में दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि विवेक की गिरफ्तारी के बाद हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाने में लगी है.



