TrendingUttar Pradesh

लखनऊ में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत: बलरामपुर में चल रहा था इलाज

लखनऊ, अमृत विचार: स्वाइन फ्लू ने राजधानी में इस सीजन में पहली जान ले ली। इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को कुछ दिन पहले सर्दीजुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ हुई थी। परिवारीजनों ने पहले निजी अस्पताल में इलाज कराया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 25 अगस्त को उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की आशंका में जांच कराई। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।

अस्पताल में भर्ती होने के बाद महिला की सांस लेने में परेशानी लगातार बढ़ती गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ जीवनरक्षक उपकरणों पर रखा गया। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी रहा, लेकिन गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे मरीज ने दम तोड़ दिया। स्वाइन फ्लू से मौत की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई है।

परिवार की भी होगी निगरानी

स्वास्थ्य विभाग की टीम अब महिला की ट्रेवल हिस्ट्री और संक्रमण से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी। महिला के संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी की जा सकती है। परिवार के अन्य सदस्यों को फिलहाल आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवारीजनों को जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने के साथ एहतियात बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक परिवार के सदस्यों में किसी को सर्दीजुकाम, बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए।

सांस की तकलीफ को न करें नजरअंदाज

स्वाइन फ्लू में सामान्य तौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं। गंभीर मरीजों में सांस लेने में परेशानी बढ़ सकती है। खासकर सांस फूलने या ऑक्सीजन स्तर गिरने जैसे संकेत मिलने पर मरीज को तत्काल अस्पताल ले जाना जरूरी है। राजधानी में सीजन की पहली मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की स्थिति पर नजर बढ़ा दी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply