India

दिल्ली में एच1एन1 का प्रकोप, 24 घंटे में 166 नए मामले, स्वास्थ्य मंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा

दिल्ली में एच1एन1 के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. पिछले 24 घंटों में राजधानी में एच1एन1 के 166 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,612 हो गई है. वहीं, इन्फ्लूएंजाA के कुल मामले करीब 3,300 तक पहुंच गए हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में बनाए गए विशेष एच1एन1 आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों के इलाज और देखभाल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों, फ्लूइड, टेस्टिंग और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली.

अस्पताल में एच1एन1/स्वाइन फ्लू के लिए विशेष क्लिनिक भी बनाया गया है. यहां संदिग्ध मरीजों की प्रारंभिक जांच की जाएगी. संक्रमण की पुष्टि होने पर मरीजों को आवश्यकता के अनुसार विशेष एच1एन1 वार्ड में भर्ती कर इलाज और निगरानी की जाएगी.

क्या बोले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्लीवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है. दिल्ली सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार हैं. अस्पतालों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन, दवाएं, ऑक्सीजन, बेड और टेस्टिंग सुविधाएं उपलब्ध रखी गई हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज सिंह ने कहा कि सरकार संभावित रूप से मामलों में होने वाली बढ़ोतरी को देखते हुए पहले से तैयारियां कर रही है. जरूरत पड़ने पर अस्पतालों की क्षमता और चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह स्वयं स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और नियमित रूप से अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं.

स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और मेडिकल सुपरिटेंडेंट/मेडिकल डायरेक्टर को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि ये निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और जरूरत पड़ने पर वह किसी भी समय किसी भी अस्पताल का दौरा कर सकते हैं. उन्होंने अस्पताल में लोगों को एच1एन1 से बचाव, लक्षणों और सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे आईईसी मटेरियल की भी समीक्षा की.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मौजूदा स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से नजर रख रहा है और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और लैब टेक्नीशियन समेत जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध हैं.

इन चीजों का ध्यान रखने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है. सभी सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने और मामलों में बढ़ोतरी होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, नियमित रूप से साबुनपानी से हाथ धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और साफसफाई का विशेष ध्यान रखें. उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की.

उन्होंने कहा कि एच1एन1 के लक्षण सामान्य मौसमी फ्लू या बुखार जैसे हो सकते हैं और उचित इलाज एवं चिकित्सकीय निगरानी से मरीज ठीक होकर घर लौट रहे हैं. दिल्ली सरकार का लक्ष्य किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना और मरीजों को समय पर जरूरी उपचार उपलब्ध कराना है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply