IndiaPunjabTrending

न्यूयॉर्क में डॉ मोहन भागवत के कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए डॉ सुभाष शर्मा

नंगल : न्यूयॉर्क में अहेड फोरम की ओर से आयोजित यूनिवर्सल वननेस कॉन्फ्रेंस में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा विशेष रूप से भागीदार बने। डा. सुभाष शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में करीब 6000 अमेरिकन इंडियन उत्साह के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों की यह उत्साहपूर्ण भागीदारी भारत की संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है।

डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि मोहन भागवत का न्यूयॉर्क दौरा भारतीय संस्कृति और विचारधारा को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखने वाला रहा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में विविधता में एकता, आपसी सौहार्द और विश्व कल्याण की भावना को प्रमुखता से सामने रखा गया। मोहन भागवत ने भारतीय मूल्यों और संस्कृति की व्यापकता का संदेश देते हुए दुनिया के विभिन्न समुदायों के बीच संवाद, समन्वय और परस्पर सम्मान को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अमेरिका में रह रहे भारतीयों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का अवसर देने के साथ भारत की सकारात्मक वैश्विक छवि को मजबूत करने वाला भी साबित हुआ।

डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि मोहन भागवत के अधिवेशन ने अमेरिका में रह रहे भारतीयों के भीतर भारत के प्रति राष्ट्रीयता और गौरव की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाली नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति, विरासत और मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। प्रवासी भारतीय अपनी पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए भारत के विकास में भी सार्थक योगदान दे सकते हैं।

अमेरिका प्रवास के दौरान डा. सुभाष शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें अमेरिका की प्रगति में योगदान देने के साथ भारत की खुशहाली और विकास के लिए भी दूत की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय अपने ज्ञान, अनुभव, प्रतिभा और संसाधनों का उपयोग भारत की विकास यात्रा को गति देने में कर सकते हैं। इससे भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को भी और मजबूती मिलेगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply