
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और अयोध्या समेत कई जिलों में बाढ़ का पानी रिहाइशी इलाकों तक पहुंच गया है। वहीं पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 54 जिलों में बारिश दर्ज की गई। बिजनौर में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बहराइच और गोंडा समेत छह जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना बारिश का सिस्टम मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी यूपी में तेज बारिश जारी रहेगी। अगले 48 घंटे में मौसम का रुख बदलने के बाद पूर्वी यूपी में फिर भारी बारिश हो सकती है। आठ सितंबर के बाद सिस्टम कमजोर पड़ने से प्रदेश में बारिश लगभग थमने की संभावना है।
वाराणसी और कानपुर में रिहाइशी इलाकों तक पहुंचा गंगा का पानी
गंगा के बढ़ते जलस्तर से वाराणसी और कानपुर में पानी रिहाइशी इलाकों और घरों तक पहुंच गया है। कई जगह लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। बिजनौर में मूसलाधार बारिश से अफजलगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। एक्सरे मशीन पानी में डूब गई और दवाइयों के खराब होने की भी सूचना है। जिले में कई सड़कों पर एक से दो फीट पानी भर गया है। शनिवार को किरतपुर में नाले में डूबने से एक किशोर की मौत हुई, जबकि रविवार को चांदपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो पशुओं की मौत हुई।
बरेली में बारिश बनी आफत
बरेली में दो घंटे की बारिश के बाद रामपुर गार्डन स्थित फायर स्टेशन में करीब डेढ़ फीट पानी भर गया। कई इलाकों में घरों की रसोई और बेडरूम तक पानी पहुंच गया।
श्रावस्ती में निर्माणाधीन पुल डूबा
श्रावस्ती में निर्माणाधीन पुल के बाईपास का करीब 400 मीटर हिस्सा घुटनों तक पानी में डूब गया। इसके बावजूद ग्रामीण और स्कूली बच्चे आवाजाही को मजबूर हैं।
उन्नाव में उफान पर सई नदी
उन्नाव में सई नदी का जलस्तर बढ़ने से रसूलपुरअकबरपुर मार्ग का हिस्सा कट गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों की ओर से बनाए गए अस्थायी बांस के पुल को असुरक्षित बताते हुए हटवा दिया।
लखीमपुर में बाढ़ ने मचायी तबाही
लखीमपुर खीरी में डीएम अंजनी कुमार सिंह ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
बदायूं में घर की छत गिरने से मौत
बदायूं में कच्चे मकान की छत गिरने से 45 वर्षीय विनोद की मौत हो गई और उनकी पत्नी घायल हो गईं।
कानपुर के साढ़ क्षेत्र में कच्चा मकान गिरने से पिता और उनकी चार बेटियां मलबे में दब गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला।
सोनभद्र में रिहंद बांध से छोड़ा गया 29 हजार क्यूसेक पानी
सोनभद्र में रिहंद बांध का जलस्तर 871.8 फीट पर स्थिर है। एक फाटक और टरबाइनों के जरिए करीब 29 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बारिशबाढ़ ने कहीं रास्ते रोके, कहीं अस्पताल डुबोए
• बिजनौर: अफजलगढ़ सीएचसी में 23 फीट पानी, एक्सरे मशीन डूबी।
• श्रावस्ती: बाईपास का करीब 400 मीटर हिस्सा घुटनों तक पानी में डूबा।
• प्रयागराज: प्रमुख घाट डूबे, दारागंज में सड़क पर अंतिम संस्कार की नौबत।
• गोंडा: घाघरा खतरे के निशान से 29 सेंटीमीटर ऊपर, करीब पांच हजार आबादी प्रभावित।
• गाजीपुर: कर्मनाशा का पानी विद्युत उपकेंद्र में घुसा, कई गांवों की बिजली गुल।
• उन्नाव: सई के तेज बहाव से सड़क कटी, आवागमन प्रभावित।
• मेरठ: पुराना मकान गिरा, तीन कारें क्षतिग्रस्त।
• बदायूं: कच्चे मकान की छत गिरने से युवक की मौत, पत्नी घायल।
• कानपुर: कच्चा मकान गिरने से पांच लोग मलबे में दबे, ग्रामीणों ने बचाया।
• लखीमपुर खीरी: डीएम ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे।
• सोनभद्र: रिहंद बांध से करीब 29 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज।
राजधानी में सुबह धूप दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश
राजधानी में सुबह तेज धूप निकलने के बाद दोपहर में अचानक बादल छा गए और कई इलाकों में अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। धूपछांव के बीच कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान करीब 1 डिग्री सेल्सियस गिरकर 32.5 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य के करीब पहुंच गया।
राजधानी में 9 तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
वहीं न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 25.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी राजधानी और आसपास बादल छाए रहेंगे। कुछ चरणों में हवा संग बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह सिलसिला करीब 9 सितंबर तक जारी रहेगा।
दर्शकों ने पार्कों में लिया सुहावने मौसम का आनंद
सार्वजनिक अवकाश होने के कारण रविवार को लोग परिवार सहित घूमने निकल पड़े। चिड़ियाघर में वन्यजीवों को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ रही। 1090 चौराहा, गोमती रिवर फ्रंट, चटोरी गली, जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क, अम्बेडकर पार्क में लोगों ने सुहावने मौसम का जमकर आंनद लिया। इसके अलावा बड़ा इमामबाड़ा स्थित भूल भुलैया, छोटी बाउली, छोटा इमामबाड़ा स्थित पिक्चर गैलरी और घंटाघर में लोगों की भीड़ रही।
सरयू लाल निशान के 26 सेमी. ऊपर, दुश्वारियां बढ़ी
सरयू लाल निशान से 26 सेमी. ऊपर बह रही है। कछार में पानी भर गया है। धीमी गति से ही लेकिन सरयू का जल स्तर और बढ़ने का संकेत है। बाढ़ प्रभावितों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इस बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण किया गया। अफसरों ने प्रभावित इलाके का दौरा किया। स्वास्थ्य कैंप लगाकर बीमार लोगों को दवाएं दी गई।
अफसरों ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा
बाढ़ अब दिक्कत पैदा कर रही है। प्रभावित सोहावल, रुदौली और सदर तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के गांव वीरान हो गए। पानी भर गया। सामान खराब हो गया। फसलें चौपट हो रही हैं। लोगों का आना जाना मुश्किल हो गया है। सड़कें नदारद हो गई या फिर इन पर पानी भरा है। बाढ़ प्रभावितों की दुश्वारियां खासी बढ़ गई है।
सदर तहसील क्षेत्र में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने लगभग एक हजार राहत किट का वितरण किया। कहा कि सरकार बा़ढ़ प्रभावितों के साथ है। उन्हें कम से कम दिक्कत हो इसका प्रयास है। सोहावल तहसील क्षेत्र में तहसील दार के साथ प्रशासनिक अमले ने क्षेत्र का दौरा करके बाढ़ प्रभावितों का हालचाल जाना। रुदौली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रविवार को स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। यहां जांच कर स्वास्थ्य कर्मियों ने दवाओं का वितरण किया।



