
समंदर की गहराई में 300 साल से छिपे एक बड़े राज से अब पर्दा उठना शुरू हो गया है. कैरेबियन सागर में डूबे एक पुराने जहाज सैन होजे (San Jose) से पहली बार कुछ कीमती चीजें बाहर निकाली गई हैं. इस जहाज को दुनिया के सबसे बड़े डूबे हुए खजानों में से एक माना जाता है. माना जा रहा है कि इसमें करीब 20 अरब डॉलर यानी लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का खजाना हो सकता है. ये जहाज साल 1708 में डूब गया था. उस समय यह स्पेन के राजा के लिए सोना, चांदी और कीमती पत्थर लेकर जा रहा था. लेकिन सफर के दौरान ब्रिटिश जहाजों के हमले में यह समुद्र में समा गया. इसके साथ ही इसमें रखा अरबों रुपये का खजाना भी पानी की गहराई में चला गया.
300 साल बाद दिखी खजाने की झलक
करीब 300 साल बाद इस जहाज से पहली बार कुछ चीजें बाहर निकाली गई हैं. इनमें कांसे की एक तोप, चीनी मिट्टी का एक कप, सोने के तीन पुराने सिक्के और मिट्टी के बर्तनों के कुछ टुकड़े शामिल हैं. इन चीजों को देखकर वैज्ञानिक और इतिहासकार काफी उत्साहित हैं. इस जहाज को समुद्र की करीब 2000 फीट गहराई में खोजा गया था. इतनी गहराई में जाकर चीजों को बाहर निकालना आसान काम नहीं था. इसके लिए खास रोबोट मशीनों और आधुनिक तकनीक की मदद ली गई. वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी पूरा खजाना बाहर नहीं निकाला गया है. समुद्र की तह में अब भी बड़ी संख्या में सोना, चांदी और दूसरी कीमती चीजें मौजूद हो सकती हैं.
ऐतिहासिक चीजें मिलने की उम्मीद
खोजकर्ताओं का अनुमान है कि आगे की खोज में और भी कई ऐतिहासिक चीजें मिलने की उम्मीद है. मालूम हो कि जहाज सिर्फ खजाने की वजह से खास नहीं है, बल्कि यह 300 साल पुराने इतिहास को समझने का एक बड़ा जरिया भी है. इससे उस समय के व्यापार, समुद्री यात्राओं और लोगों की जिंदगी के बारे में नई जानकारी मिल सकती है. इस खजाने को लेकर अलग-अलग देशों के बीच अधिकार को लेकर विवाद भी चल रहा है. कई पक्ष इस जहाज और इसमें मौजूद चीजों पर अपना दावा करते हैं. फिलहाल बरामद की गई चीजों को सुरक्षित रखा गया है और उनकी जांच की जा रही है. समंदर ने सदियों तक इस जहाज के राज को अपने अंदर छिपाकर रखा था. अब धीरे-धीरे दुनिया के सामने इसकी कहानी और इसमें छिपे खजाने की झलक सामने आ रही है.



