
बाराबंकी, अमृत विचार। राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद सतीश चन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में अभियान की रूपरेखा और विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक एवं जनसेवा कार्यकाल में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों को जनजन तक पहुंचाया जाए। युवा, महिला, किसान समेत समाज के सभी वर्गों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाए।
उन्होंने योजनाओं के आंकड़ों के साथ लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव और सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाने पर जोर दिया। अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवसआशीर्वाद का दीया’ के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलन और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत विद्यालयों में चित्रकला, भाषण और वादविवाद प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवाअनकही कहानियां’ के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम व नुक्कड़ नाटक, जबकि 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत स्वास्थ्य, पोषण, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और सम्मान कार्यक्रम होंगे।
‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से लाभार्थियों की सफलता की कहानियां डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जाएंगी। ‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ के जरिए डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स विकास कार्यों का प्रचार करेंगे। सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी तथा प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण होगा। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, नशामुक्ति और दिव्यांगजन सहयोग जैसी गतिविधियां होंगी।
‘सेवा सेतु अभियान’ में विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत मानव समूह रंगोली और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में युवाओं व इनोवेटर्स को नवाचार का अवसर मिलेगा। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। बैठक में जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित ब्लॉक प्रमुख और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

-1788927933174_v.webp)

