
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बा देवा में गणेश महोत्सव की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। श्री गणेश सेवा समिति देवाबाराबंकी की ओर से 14 सितंबर, सोमवार को कोतवाली देवा के निकट स्थित दुर्गाधाम मंदिर परिसर में गणेश महोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम सात बजे होगी।
महोत्सव में कानपुर की प्रसिद्ध गायिका नयना किंकर और सुल्तानपुर के श्रवण भगवान गणेश के भजनों की संगीतमयी प्रस्तुति देंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समिति के आयुष श्रीवास्तव और अनुज गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के बाद बुधवार को विधिविधान से भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से महोत्सव में पहुंचकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की है। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।



