
कनाडा से किराएदार और मकान मालकिन के बीच विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामूली सा विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया और भारतीय मूल की मकान मालकिन को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें दोनों पक्षों के बीच बढ़ता विवाद नजर आता है।
मामला कनाडा में रहने वाली भारतीय मूल की महिला राज टिवाना और उनके किराएदार से जुड़ा बताया जा रहा है। विवाद की शुरुआत घर के बाहर बारबेक्यू पार्टी को लेकर हुई। किराएदार का आरोप है कि मकान मालकिन ने बारबेक्यू करने पर आपत्ति जताई और देखते ही देखते बहस काफी ज्यादा बढ़ गई।
बारबेक्यू को लेकर शुरू हुई कहासुनी
रिपोर्ट के मुताबिक, किराएदार अपने एक दोस्त के साथ घर के गार्डन में बारबेक्यू कर रहा था। इसी दौरान मकान मालकिन वहां पहुंचीं और उन्होंने बारबेक्यू को लेकर नाराजगी जताई।
महिला का कथित तौर पर कहना था कि बारबेक्यू से प्रॉपर्टी को नुकसान हो सकता है। उन्होंने दीवार पर पड़े कुछ दागों की ओर भी इशारा किया। इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी।
किराएदार का दावा है कि मामला यहीं नहीं रुका। बहस के दौरान मकान मालकिन ने ग्रिल पर रखे खाने को लकड़ी के एक टुकड़े से नीचे गिरा दिया और पुलिस बुलाने की बात कही।
घर के अंदर घुसने और सामान फेंकने का आरोप
किराएदार ने सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई वीडियो शेयर किए। उसके मुताबिक, विवाद लगातार बढ़ता गया और बाद में मकान मालकिन घर के अंदर भी पहुंच गईं।
किराएदार का आरोप है कि महिला ने घर के अंदर सामान फेंका और उसके साथ हाथापाई भी हुई। इतना ही नहीं, उसने यह भी दावा किया कि मकान मालकिन ने उसकी गैरमौजूदगी में ताले बदल दिए थे।
सबसे गंभीर आरोप कमरे के दरवाजे को लेकर लगाया गया। किराएदार के अनुसार, उसके कमरे का दरवाजा ही उखाड़ दिया गया, जिससे उसकी प्राइवेसी और सुरक्षा को लेकर स्थिति और गंभीर हो गई।
विवाद बढ़ा तो दूसरे लोग भी पहुंचे
किराएदार का यह भी आरोप है कि बाद में कुछ अन्य लोग घर के अंदर पहुंच गए। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए फुटेज के कारण यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
किराएदार का कहना है कि यह विवाद अचानक एक दिन में शुरू नहीं हुआ था, बल्कि काफी समय से दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।
हालांकि, मकान मालकिन राज टिवाना की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर फिलहाल उनका पक्ष सामने नहीं आया है। इसलिए मामले से जुड़े सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस पहुंची और महिला को किया गिरफ्तार
हालात बिगड़ने के बाद किराएदार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पुलिस अधिकारियों को महिला से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तारी के बारे में बताया। महिला इस कार्रवाई से हैरान नजर आती है और अपनी बेटी को फोन करने की अनुमति मांगती है।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे हथकड़ी लगाई और अपने साथ ले गई।
बारबेक्यू पार्टी को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक मामूली घरेलू विवाद के कथित तौर पर इतने गंभीर रूप लेने से किराएदार-मकान मालिक के रिश्तों और किराए की संपत्ति को लेकर अधिकारों पर भी बहस छिड़ गई है।



