TrendingUttar Pradesh

​Hardoi News: सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की जांच करने पहुंचे लेखपाल से अभद्रता, खसरा-नक्शा फाड़ा

​Hardoi News: सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की जांच करने पहुंचे लेखपाल से अभद्रता, खसरा-नक्शा फाड़ा

हरदोई, अमृत विचार। शाहाबाद तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण की जांच करने पहुंचे लेखपाल से अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण से जुड़े कागजात मांगने पर आरोपी ने लेखपाल के हाथ से खसरा और नक्शा छीनकर फाड़ दिया। विरोध करने पर आरोपी ने गालीगलौज करते हुए लेखपाल को धमकाया। मामले में पुलिस ने एसडीएम शाहाबाद के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जलभराव की जांच के दौरान सरकारी जमीन पर मिला निर्माण

शाहाबाद तहसील की आलमनगर परगना के लेखपाल अलौकिक मिश्रा के मुताबिक वह ग्राम बंजरिया में सुखेता नाले से हुए जलभराव की जांच करने पहुंचे थे। उनके साथ ग्राम प्रधान पुत्र आयुष और गांव निवासी आजाद भी मौजूद थे।

जांच के दौरान लेखपाल ने देखा कि मझिला थाना क्षेत्र के देवरीपुरवा निवासी शिवकुमार वर्मा ने कथित तौर पर सरकारी जमीन पर एक मकान बना रखा है। इसके अलावा पास में ही दूसरे मकान पर छत डालने की तैयारी की जा रही थी।

जमीन के कागजात मांगते ही भड़क गया आरोपी

लेखपाल अलौकिक मिश्रा ने मौके पर खसरा और नक्शा देखते हुए निर्माण के संबंध में शिवकुमार वर्मा से जमीन के कागजात मांगे। आरोप है कि कागजात मांगने की बात पर वह भड़क गया। शिवकुमार ने लेखपाल के हाथ से नक्शा और खसरा छीन लिया और नक्शा फाड़ दिया। लेखपाल ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर गालीगलौज शुरू कर दी और धमकाने लगा।

ग्रामीणों ने बीचबचाव कर सरकारी कागजात वापस दिलाए

मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव किया और किसी तरह लेखपाल के सरकारी कागजात वापस दिलाए। घटना के बाद लेखपाल ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। एसडीएम शाहाबाद के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी शिवकुमार वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

इन धाराओं में दर्ज हुई रिपोर्ट

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 351 , 329, 221 और 324 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांचपड़ताल कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply