
माल/लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सालेहनगर के मुन्नूखेड़ा गांव में शनिवार रात करंट की चपेट में आने से 34 वर्षीय ऑटो चालक बबलू की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
मुन्नूखेड़ा गांव निवासी बबलू पुत्र शिवरतन शनिवार रात अपना ऑटो चार्जिंग पर लगाकर पत्नी बिट्टो के साथ घर में खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद बबलू तंबाकू लेने के लिए बाहर जाना पड़ा। पत्नी बिट्टो के मुताबिक, घर के बाहर खड़ंजे पर चार्जिंग पर लगे ऑटो की आगे वाली सीट पर तंबाकू ढूंढने लगे वह नंगे पैर थे उसी समय वह करंट की चपेट में आ गए।
हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। परिजन आननफानन उन्हें अटारी स्थित वेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के दुबग्गा स्थित देवम अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया। बबलू परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह रिक्शा चलाकर माता पिता सहित पत्नी और बच्चों का पालनपोषण करता था।
मृतक के पिता शिवरतन अपाहिज हैं, जबकि मां श्यामा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार में पत्नी बिट्टो के अलावा दो बेटे आशिक और विजय तथा बेटी नैना हैं। पति बबलू की मौत के बाद पत्नी, बच्चों और परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। इस संबंध में इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।



