गुवाहाटी असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने के लिए गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, रामानुज गोस्वामी पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या का आरोप था। यह मामला 6 सितंबर को सामने आया था। गुवाहाटी के एक अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती को पड़ोसियों ने करीब दो दिन से नहीं देखा था। दोनों के मोबाइल फोन भी बंद थे। इसी दौरान फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़कर फ्लैट में पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खटखटाने और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां एक महिला का शव मिला। पुलिस के अनुसार, शव काफी खराब हालत में था। महिला की कुछ उंगलियां कटी हुई थीं और उसका सिर धड़ से अलग था।
फ्रिज में मिला सिर
जांच के दौरान पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली। इसी दौरान फ्रिज के भीतर पॉलीथिन में महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, रिया और रामानुज की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। शव बरामद होने के बाद से रामानुज फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, रामानुज ने रविवार देर रात पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। सोमवार तड़के करीब 2 बजे हाटीगांव पुलिस की टीम उसे मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रही थी।
पुलिस का दावा है कि नरकासुर पहाड़ी के पास रामानुज पुलिस वाहन से कूदकर भागने लगा। उसे रोकने की कोशिश के दौरान पुलिस ने गोली चलाई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और नरकासुर पहाड़ी रोड पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
_large_144510_80.jpg)


